पश्चिम एशिया संकट के चलते वैश्विक तेल बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है। पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल के दाम करीब 400 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गए हैं, जबकि नेपाल में कीमतों में राहत दी गई है। भारत में फिलहाल ईंधन की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं।
Fuel prices: पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट का असर वैश्विक तेल बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है, जिसके चलते कई देशों को ऊर्जा संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच, जहां पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है, वहीं पड़ोसी देश नेपाल में आम जनता को राहत मिली है।
आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी इजाफा हुआ है। पाकिस्तान के पेट्रोलियम विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, गुरुवार को पेट्रोल की कीमत में 6.51 रुपए प्रति लीटर (स्थानीय मुद्रा) और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत में 19.39 रुपए प्रति लीटर (स्थानीय मुद्रा) की वृद्धि की गई है।
इस बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल की कीमत 393.35 रुपए से बढ़कर 399.86 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर हो गई है, जबकि हाई-स्पीड डीजल की कीमत 399.58 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है।
इस बीच, अधिकारियों ने पेट्रोल पर पेट्रोलियम लेवी में 3.88 रुपए की कटौती कर इसे 103.50 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर कर दिया है, जबकि डीजल पर 28.69 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर की लेवी लागू की गई है। इससे पहले हाई-स्पीड डीजल पर कोई लेवी नहीं थी।
पश्चिम एशिया संकट के बावजूद पड़ोसी देश नेपाल में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की गई है। इस संबंध में नेपाल ऑयल कॉरपोरेशन ने नोटिस जारी कर नई दरों की घोषणा की है।
नई दरों के अनुसार, पेट्रोल की कीमत में 2 रुपए (स्थानीय मुद्रा) और डीजल में 12 रुपए (स्थानीय मुद्रा) की कमी की गई है। अब नेपाल में पेट्रोल 214.50 रुपए प्रति लीटर और डीजल-केरोसिन 222.50 रुपए प्रति लीटर में मिलेगा।
हालांकि, नेपाल में एविएशन फ्यूल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। घरेलू एविएशन फ्यूल 7 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ है, जबकि काठमांडू के लिए अंतरराष्ट्रीय एविएशन फ्यूल में 46 डॉलर प्रति किलोलीटर की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा, एलपीजी सिलेंडर के दाम 150 रुपए बढ़कर 2160 रुपए प्रति सिलेंडर हो गए हैं।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में संशोधन किया है, लेकिन उपभोक्ताओं के लिए खुदरा कीमतें अपरिवर्तित रहेंगी।
केंद्रीय वित्त मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी अधिसूचनाओं के अनुसार, पेट्रोल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क 23 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 33 रुपए प्रति लीटर निर्धारित किया गया है, जो 1 मई 2026 से प्रभावी होगा। साथ ही, सरकार ने पेट्रोल पर अतिरिक्त उत्पाद शुल्क को घटाकर शून्य कर दिया है।