
बांग्लादेश (Bangladesh) में दो साल के बाद भारतीय टूरिस्ट वीज़ा सेवाएं फिर से शुरू होने के बाद से ही इसकी डिमांड तेज़ी से बढ़ी है। बांग्लादेश में बड़ी संख्या में लोग भारत (India) की यात्रा के लिए वीज़ा चाहते हैं और इसकी लिए अप्लाई कर रहे हैं। इस बढ़ी डिमांड को देखते हुए भारत सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार बांग्लादेश में अपनी वीज़ा सेवाओं को बढ़ाएगी।
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में स्थित भारतीय उच्चायोग ने सरकार के इस फैसले के बारे में जानकारी दी। भारतीय उच्चायोग ने बताया कि बांग्लादेश में लोगों से मिले ज़बरदस्त रिस्पॉन्स से वो उत्साहित हैं और अलग-अलग उद्देश्यों से भारत की यात्रा करने की इच्छा रहने वाले लोगों के लिए वीज़ा सेवाओं को बढ़ाया जा रहा है।
ढाका में स्थित भारतीय उच्चायोग ने यह भी बताया कि बांग्लादेश में भारतीय टूरिस्ट वीज़ा के आवेदकों के लिए आवेदन प्रक्रिया को आसान और सुविधाजनक बनाने के लिए भी काम किया जा रहा है। भारतीय उच्चायोग ने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संबंध मज़बूत करने और भारत और बांग्लादेश के बीच लंबे समय से चली आ रही दोस्ती को और गहरा करने के लिए दोनों देशों की सरकारें प्रतिबद्ध हैं।
भारतीय उच्चायोग की इस घोषणा का बांग्लादेशी जनता ने स्वागत किया है। लोगों ने इसे बहुत अच्छी खबर बताया है क्योंकि भारत और बांग्लादेश के बीच संबंध ऐतिहासिक हैं और भारत सरकार के इस फैसले से व्यापार, उद्योग, पर्यटन, स्वास्थ्य और कई अन्य क्षेत्रों में दोनों देशों के संबंध और मज़बूत होंगे। लोगों का मानना है कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच अचे संबंध व्यापार के विकास और उन अन्य क्षेत्रों के लिए हमेशा ज़रूरी है जिनसे भारत और बांग्लादेश दोनों को फायदा हो।
लगभग दो साल तक बंद रहने के बाद जब बांग्लादेश में भारतीय टूरिस्ट वीज़ा सेवाएं फिर से शुरू हुईं, तो बांग्लादेश में इंडिया वीज़ा एप्लीकेशन सेंटर (IVAC) पर भीड़ बढ़ने लगी। राजधानी ढाका में स्थित IVAC के सामने बड़ी संख्या में लोग भारतीय वीज़ा के लिए आवेदन करने के लिए लाइन में खड़े होकर अपने वीज़ा आवेदन जमा कराने के लिए काफी उत्साहित हैं।