
US Airstrikes Iran: ईरान में अमेरिका के हवाई हमलों में कम से कम 35 नागरिकों और सैन्य कर्मियों की मौत हो गई है, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ईरानी स्वास्थ्य अधिकारियों और राज्य मीडिया ने यह जानकारी दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल के दिनों और विशेष हमले में विभिन्न प्रांतों में अमेरिकी हमलों के चलते ये मृत्यु हुई है। घायलों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने बुधवार को ईरान के खिलाफ सात घंटे तक व्यापक हवाई अभियान चलाया, जिसमें कई ठिकानों को निशाना बनाया गया। इस सैन्य कार्रवाई के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। बहरीन और कुवैत में मिसाइल अलर्ट जारी किए गए, जबकि अरब सागर और होर्मुज स्ट्रेट में भी सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हवाई अभियान ऐसे समय में चलाया गया जब अमेरिका ने ईरान पर दोबारा नाकाबंदी लागू की है। लगातार हो रहे हमलों ने पहले से कमजोर युद्धविराम की स्थिति को और अस्थिर बना दिया है।
अमेरिकी कार्रवाई के बाद बहरीन और कुवैत में मिसाइल अलर्ट जारी किया गया। इन देशों की दिशा में ईरानी मिसाइलें आने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया। इससे पूरे खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं और बढ़ गई हैं।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर ने आरोप लगाया कि ईरान ने पड़ोसी खाड़ी देशों की ओर दर्जनों मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान को 'बिना उकसावे की आक्रामक कार्रवाई' के लिए जिम्मेदार मानता है, जिससे निर्दोष लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।
तनाव के बीच अमेरिका ने अरब सागर में अपनी सैन्य तैनाती और मजबूत कर दी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, क्षेत्र में कम से कम 19 युद्धपोत तैनात किए गए हैं। इनमें दो एयरक्राफ्ट कैरियर और एक एम्फीबियस असॉल्ट शिप भी शामिल है, जिस पर 1,000 से अधिक अमेरिकी मरीन मौजूद हैं।