
US-Iran War: ईरान द्वारा दी गई चेतावनी के बाद होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) के पूर्वी हिस्से में एक तेल टैंकर पर हमले के बाद आग लग गई। ईरान की नौसेना ने इस बात की जानकारी दी है। आईआरआईबी (IRIB) के हवाले से नौसेना ने कहा कि नियमों का पालन न करने वाले इस टैंकर ने अपने ट्रैकिंग सिस्टम बंद करके ओमान की खाड़ी में प्रतिबंधित क्षेत्र को पार करने की कोशिश की थी।
ईरानी नौसेना ने होर्मुज स्ट्रेट के पास आग की लपटों में घिरे एक टैंकर का फुटेज जारी किया है। नौसेना का कहना है कि होर्मुज के पूर्व में गश्त के दौरान, उनकी निगरानी टीमों ने इस जहाज को देखा था। नौसेना के अनुसार, यह टैंकर अपने ट्रैकिंग सिस्टम को बंद करके एक प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस गया था, ताकि वह उस इलाके से गुजर सके।
अमेरिका और ईरान की जंग का केंद्र इस समय होर्मुज स्ट्रेट है। दोनों ही देश इस पर अपना कब्जा बता रहे हैं। अमेरिका का कहना है कि उसकी नौसेना के कंट्रोल के कारण यहां फिर से सामान की सामान्य शिपिंग चालू हो गई है। वहीं, ईरान अमेरिका के इस दावे को खारिज करता है। उसका कहना है कि उसने इस जलमार्ग को बंद कर रखा है।
होर्मुज में हुआ यह हमला इन दावों के किए जाने के बाद सामने आया है। ऐसे में ईरान एक बार फिर दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक होर्मुज स्ट्रेट पर अपना नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश कर रहा है। ईरानी नौसेना और आईआरजीसी दोनों समुद्री यातायात पर अपना अधिकार जता रहे हैं।