Iran Oil Refinery Fire: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दो हफ्ते के सशर्त सीजफायर के ऐलान के तुरंत बाद ईरान के तेल रिफाइनरी में हमला हो गया।
Lavan Island Attack: अमेरिका-ईरान युद्ध में घोषित सशर्त सीजफायर महज कुछ घंटों बाद ही ईरान की तेल रिफाइनरी पर हमला हो गया। बुधवार सुबह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दो हफ्ते के सीजफायर की घोषणा के कुछ ही घंटे बाद ईरान के लवन द्वीप पर स्थित प्रमुख तेल रिफाइनरी पर हमला हो गया। ईरानी सरकारी टीवी ने इसकी पुष्टि की। हमले के समय स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे आग की लपटें उठीं और धुएं का गुबार आसमान में छा गया।
लवन द्वीप ईरान का प्रमुख ऑफशोर ऑयल टर्मिनल है, जहां से देश का बड़ा हिस्सा कच्चा तेल और गैस निर्यात होता है। यह द्वीप स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास स्थित है, जो वैश्विक तेल आपूर्ति का महत्वपूर्ण रास्ता है। हमले से तेल निर्यात पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। ईरान की नेशनल ऑयल रिफाइनिंग एंड डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने इसे दुश्मनों का कायरतापूर्ण हमला बताया। फायर फाइटर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हमले के लिए अभी तक किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है।
मंगलवार को ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने की शर्त पर दो हफ्ते का सशर्त सीजफायर घोषित किया था। चीन की कूटनीतिक भूमिका को इसमें अहम माना गया था। लेकिन हमले ने पूरे समझौते पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अमेरिकी वाइस प्रेसिडेंट जेडी वैंस ने इसे नाजुक समझौता बताया था, जो सही साबित होता दिख रहा है।
ईरान के अधिकारियों ने हमले की निंदा की है और कहा कि सीजफायर का उल्लंघन किया गया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की। कुछ रिपोर्ट्स में यूएई और कुवैत से भी ड्रोन हमलों की खबर आई, जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया।
हमले की खबर से तेल की कीमतों में उछाल आया। विश्लेषक चिंता जता रहे हैं कि अगर सीजफायर टूटा तो होर्मुज स्ट्रेट फिर बंद हो सकता है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था को भारी झटका लगेगा। चीन और अन्य देशों ने सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है।
मेहर समाचार एजेंसी द्वारा जारी कंपनी ने अपने बयान में कहा, 'सुरक्षा और अग्निशमन दल आग पर काबू पाने और उसे बुझाने के साथ-साथ परिसर को सुरक्षित करने का काम कर रहे हैं।' उन्होंने आगे कहा कि सौभाग्य से कर्मचारियों को समय पर सुरक्षित निकाल लेने के कारण अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।