विदेश

KENYA: हॉस्टल में आग लगने से 16 छात्राओं की मौत, 79 जख्मी, अब 15-18 साल की 8 लड़कियों पर चलेगा हत्या का मुकदमा

Kenya hostel Fire: नैरोबी के एक स्कूल के छात्रावास में आग लगने से 16 छात्राओं की मौत हो गई और 79 अन्य छात्राएं जख्मी हुईं। इस मामले में 8 छात्राओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
2 min read
Jul 01, 2026
Kenya Hostel Fire Case News
नैरोबी के स्कूल छात्रावास में आग लगने के मामले में किबेरा उच्च न्यायालय में पेश हुईं आरोपी छात्राएं। ( स्क्रीन शॉट: X/ @citizentvkenya )

Kenya Hostel Fire 16 Female Students Dead : नैरोबी के पश्चिम-मध्य क्षेत्र में स्थित नकुरू काउंटी के गिलगिल में उतुमिषी गर्ल्स एकेडमी सीनियर स्कूल के छात्रावास में आग लगने से 15 से 18 वर्ष की आयु की 16 छात्राओं की मौत हो गई और 79 अन्य छात्राएं जख्मी हुईं। मई के अंत में लगी इस आग के मामले में 8 स्कूली छात्राओं को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। लोक अभियोजन निदेशक ने अपने एक्स अकाउंट पर दिए गए एक बयान में कहा कि आठों अभियुक्त लड़कियां अपना मुं​ह ढंक कर भारी गहमागहमी के बीच नैरोबी के किबेरा उच्च न्यायालय की न्यायाधीश डायना कवेद्जा के समक्ष पेश हुईं । सभी अभियुक्त लड़कियों ने आरोपों के लिए दोषी नहीं होने का दावा किया।

केन्या के बोर्डिंग स्कूलों में सुरक्षा की निगरानी फिर से तेज की

अभियोजकों ने अभी तक मामले के संबंध में कोई अन्य विवरण नहीं दिया है। इस आग ने केन्या के बोर्डिंग स्कूलों में सुरक्षा की निगरानी को फिर से तेज कर दिया और शिक्षा प्रणाली में छात्रों के बार-बार होने वाले असंतोष उजागर किया। जांच अधिकारियों के अनुसार केन्या के स्कूलों में आग लगने की घटनाएं आम हैं, जिनमें से कई आग छात्रों के कठोर अनुशासन और खराब परिस्थितियों के विरोध में लगाई जाती हैं।

हिलसाइड एंडाराशा अकादमी में आग लगने से 21 बच्चों की मौत हो गई थी

ध्यान रहे कि केन्या में कई घातक स्कूली अग्निकांड हुए हैं। मसलन 2024 में, न्येरी काउंटी के हिलसाइड एंडाराशा अकादमी में आग लगने से 21 बच्चों की मौत हो गई थी। हाल के समय की सबसे भीषण स्कूली आग की घटना में, 2001 में नैरोबी के बाहरी इलाके में स्थित क्यंगुली सेकेंडरी स्कूल में 67 स्कूली छात्र मारे गए थे, इस घटना के लिए अधिकारियों ने आगजनी को जिम्मेदार ठहराया था।

देश भर में 204 वरिष्ठ विद्यालयों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा

शिक्षा मंत्री जूलियस ओगाम्बा ने मई में कहा था कि इस घटना के बाद से हुई अशांति के कारण देश भर में कम से कम 204 वरिष्ठ विद्यालयों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है। उतुमिषी गर्ल्स एकेडमी सीनियर स्कूल सहित अधिकतर स्कूलों में पढ़ाई फिर से शुरू हो चुकी है।