
दिल्ली में आधी रात चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग (Photo: IANS/File)
Delhi Fire: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी जिले के केशव पुरम इलाके (Keshav Puram) में सोमवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर छत पर फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ।
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 2 बजकर 3 मिनट पर लॉरेंस रोड स्थित एक रिहायशी इमारत में आग लगने की कई कॉल प्राप्त हुईं। सूचना मिलते ही दो फायर टेंडर, दो वाटर बाउजर और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया।
दमकल कर्मियों ने राहत अभियान चलाकर इमारत की छत पर फंसे गौरव (28), कैरा (25) और इंदु बत्रा (55) को सुरक्षित नीचे उतार लिया। अधिकारियों के मुताबिक तीनों पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग इमारत के भूतल पर लगे 24 बिजली मीटरों तक ही सीमित रही। इमारत में ग्राउंड फ्लोर के अलावा चार मंजिलें हैं। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया।
दमकल विभाग ने करीब ढाई बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिसके बाद राहत अभियान समाप्त कर दिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी, हालांकि फायर अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
दिल्ली में लगातार आग की घटनाओं से चिंता बढ़ गई है। इसी महीने दिल्ली के मालवीय नगर स्थित बेड एंड ब्रेकफास्ट होटल की इमारत में लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई। पिछले महीने विवेक विहार में एक चार मंजिला आवासीय इमारत में एयर कंडीशनर (AC) में ब्लास्ट और शॉर्ट सर्किट के कारण भयानक आग लग गई। इस घटना में एक बच्चे सहित 9 लोगों की जान चली गई थी और कई घायल हुए।
Updated on:
29 Jun 2026 10:13 am
Published on:
29 Jun 2026 10:00 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
