विदेश

Mohan Bhagwat के न्यूयॉर्क इवेंट का विरोध, खालिस्तान समर्थकों ने तिरंगे का किया अपमान; हिंदू संगठन ने दिया करारा जवाब

Mohan Bhagwat New York Event Khalistan Protest: RSS प्रमुख मोहन भागवत के न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन कार्यक्रम के बाहर खालिस्तान समर्थकों ने विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने भारतीय ध्वज का अपमान किया। जानें प्रदर्शन से जुड़े आरोप और पूरा मामला।
2 min read
Aug 30, 2026
Khalistan Protest Against Mohan Bhagwat in New York.
RSS प्रमुख मोहन भागवत (Photo- IANS)

Khalistan Supporters Protest against RSS: न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित ‘यूनिवर्सल ऑननेस सेलिब्रेशन’ को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने संबोधित किया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल के बाहर खालिस्तान समर्थकों का विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला। खालिस्तान समर्थकों ने ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए और भारतीय ध्वज का अपमान किया। हालांकि, इस दौरान मौजूद सुरक्षाबलों की ओर से 'तिरंगे' के अपमान को रोकने की कोशिश नहीं की गई।

खालिस्तान समर्थकों ने BJP-RSS पर लगाए आरोप

खालिस्तान समर्थकों ने आरोप लगाया कि BJP और RSS भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका दावा है कि भारत की सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल सिखों, मुसलमानों और ईसाइयों के खिलाफ किया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मुताबिक, राजनेता ब्रैड लैंडर भी RSS प्रमुख मोहन भागवत के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित कार्यक्रम के विरोध में पहुंचे। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने उन्हें ही घेर लिया और लैंडर पर यहूदी समर्थक होने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने गाजा युद्ध को लेकर उनसे वहां से चले जाने को कहा। भागवत के विरोध में जुटे प्रदर्शनकारियों ने यहूदियों के बारे में नफरत भरी बातें भी कहीं।

हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन का आया बयान

न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित ‘यूनिवर्सल ऑननेस सेलिब्रेशन’ में मोहन भागवत के संबोधन के विरोध को लेकर हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन का बयान सामने आया है। संगठन ने कहा कि उसे पहले ही इस तरह के विरोध-प्रदर्शन की आशंका थी।

संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, ‘खालिस्तान समर्थकों द्वारा न्यूयॉर्क के लोगों को धमकी देने से लेकर बेहद घृणित यहूदी-विरोधी टकराव तक, मैडिसन स्क्वायर गार्डन के बाहर हुए विरोध-प्रदर्शन हमारी आशंका के मुताबिक बेहद निंदनीय रहे। हमें खुशी है कि हमारी सुरक्षा संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लिया गया और आज के कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों पर इन घटनाओं का कोई असर नहीं पड़ा।’

मैडिसन स्क्वायर गार्डन में मोहन भागवत ने क्या दिया संदेश

RSS प्रमुख मोहन भागवत ने न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में कहा कि एकता और विविधता दोनों भारत के डीएनए में हैं। उन्होंने कहा कि भारत का सभ्यतागत मिशन दुनिया को विविधता के बीच एकता का संदेश देना है। भागवत ने भारतीयों से उपदेश देने के बजाय अपने आचरण के जरिए यह संदेश दुनिया तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने धर्म को संतुलन और मानवता को जोड़ने वाला सिद्धांत बताया।

Updated on:
30 Aug 2026 09:28 am
Published on:
30 Aug 2026 08:38 am