कांगो में M23 विद्रोहियों ने एक बार फिर कत्लेआम मचा दिया है। इसका शिकार बने 17 निर्दोष नागरिक, जिन्होंने अपनी जान गंवा दी।
अफ्रीकी देशों में अपराध कितना ज़्यादा बढ़ गया है, यह बात किसी से छिपी नहीं है। पिछले कुछ सालों में अफ्रीकी देशों में आपराधिक घटनाएं तेज़ी से बढ़ी हैं। साथ ही आपराधिक संगठन और विद्रोही संगठनों का प्रभाव भी बढ़ा है। ऐसा ही कुछ कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (Democratic Republic Of Congo / DR Congo) में देखने को मिला है। कांगो में M23 या मार्च 23 मूवमेंट (March 23 Movement) नाम के विद्रोही संगठन का देश में प्रभाव काफी बढ़ गया है और अक्सर ही ये देशभर में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते रहते हैं। एक बार फिर ऐसा ही एक मामला सामने आया है।
कांगो में सेना ने सोमवार को M23 विद्रोहियों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने साउथ किवु (South Kivu) प्रांत के वालुंगु (Walungu) क्षेत्र के मुंजिंजी (Munzinzi) गांव में लोगों पर हमला कर दिया। इन विद्रोहियों ने कत्लेआम मचाते हुए 17 लोगों को मौत के घाट उतार दिया।
सेना ने बताया कि M23 विद्रोहियों ने किवु प्रांत के वालुंगु क्षेत्र के मुंजिंजी गांव में न सिर्फ लोगों की हत्या की, बल्कि उनके घरों में आग भी लगा दी। इसके बाद वो वहाँ से फरार हो गए।
यह पहला ऐसा मौका नहीं है जब M23 विद्रोहियों ने इस तरह से कांगो में कत्लेआम मचाया है। ये विद्रोही अक्सर ही साउथ किवु और नॉर्थ किवु में लोगों पर हमले करते रहते हैं। इस वजह से कई लोगों की मौत हो चुकी है और हज़ारों लोग विस्थापित हुए हैं। साथ ही मानवीय संकट भी काफी गंभीर हो गया है।
यह भी पढ़ें- ईरान की खुफिया जानकारी इज़रायल को पहुंचाता हुआ पकड़ा गया जासूस, मिली सज़ा-ए-मौत