
माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) ने अपने हज़ारों वर्कर्स को झटका दिया है और अपनी ग्लोबल वर्कफोर्स का लगभग 2.1% यानी करीब 4,800 वर्कर्स की छंटनी का ऐलान कर दिया है। यह कदम मुख्य रूप से सेल्स, कमर्शियल और एक्सबॉक्स (Xbox) गेमिंग डिवीज़न को प्रभावित करेगा। कंपनी इसे दक्षता बढ़ाने, बदलते बाजार के अनुरूप संरचना बदलने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई (Artificial Intelligence - AI) में भारी निवेश के लिए ज़रूरी बता रही है।
इस छंटनी में से करीब 1,600 नौकरियाँ एक्सबॉक्स डिवीज़न से संबंधित हैं। इस वित्तीय वर्ष में एक्सबॉक्स में कुल 3,200 पद (लगभग 20%) कम किए जाएंगे। एक्सबॉक्स सीईओ आशा शर्मा ने वर्कर्स को लिखे ईमेल में इसे गेमिंग बिज़नेस को 'रीसेट' करने की रणनीति बताया। कंपनी वर्षों से गेमिंग में भारी निवेश कर रही थी, लेकिन अब छंटनी करते हुए लंबे समय की लाभप्रदता और विकास पर फोकस कर रही है।
एक्सबॉक्स रिस्ट्रक्चरिंग के तहत माइक्रोसॉफ्ट कंपनी कई स्टूडियोज़ को अलग करने या बेचने की योजना बना रही है। डबल फाइन और कंपल्शन गेम्स इंडिपेंडेंट स्टूडियो बनेंगे, जबकि निंजा थ्योरी और अनडेड लैब्स को नए मालिकों को बेचा जाएगा (हेलब्लेड और स्टेट ऑफ डीके 3 जैसे प्रोजेक्ट्स के साथ सपोर्ट)। आर्केन ल्योन के विकल्प तलाशे जा रहे हैं। बेथेस्डा अब मुख्य फ्रैंचाइजी जैसे फॉलआउट, एल्डर स्क्रॉल्स, डूम आदि पर फोकस करेगी। कंपनी की एचआर प्रमुख एमी कोलमैन ने बताया कि यह बदलाव ग्राहकों को बेहतर सेवा देने और एआई अपनाने के लिए हैं। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह छंटनी एआई का असर है और इसी के तहत दुनियाभर में चल रही छंटनी की लहर का हिस्सा है। हालांकि कंपनी का दावा है कि ये नौकरियाँ एआई से सीधे नहीं बदली जा रही, बल्कि संरचनात्मक बदलाव के कारण ऐसा किया जा रहा है।
यह छंटनी 2026 के पहले 6 महीनों में माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों में करीब 18-23% की गिरावट के बाद आई है। क्लाउड और लिंक्डइन जैसे क्षेत्रों में विकास जारी है, लेकिन गेमिंग और कुछ अन्य सेगमेंट्स में कॉस्ट कंट्रोल को ज़रूरी बताया जा रहा है। टेक इंडस्ट्री में एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर बिलियन डॉलर्स खर्च के साथ दक्षता बढ़ाने का यह रुझान आम हो गया है। वर्कर्स के लिए यह चुनौतीपूर्ण समय है, लेकिन माइक्रोसॉफ्ट का मानना है कि ये बदलाव भविष्य के लिए कंपनी को मजबूत बनाएंगे। एक्सपर्ट्स का कहना है कि एआई के दौर में कंपनियाँ पारंपरिक जॉब्स को कम करते हुए नए स्किल्स वाली पोज़िशन्स पर फोकस कर रही हैं।