विदेश

इटली: शीतकालीन ओलंपिक विरोधी मार्च में बवाल, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प

मिलान में 2026 शीतकालीन ओलंपिक के विरोध में प्रदर्शन हिंसक हो गया। पुलिस ने आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। उत्तरी इटली में रेलवे नेटवर्क में संभावित तोड़फोड़ की जांच भी जारी है।

2 min read
Feb 08, 2026
Milan protest 2026
Italy anti-Olympics march - (Photo Credit - 'X')

Milan protest 2026 Olympics: मिलान की सड़कों पर शनिवार को 'अनसस्टेनेबल ओलंपिक कमेटी' (Unsustainable Olympics Committee) की ओर से आयोजित शांतिपूर्ण विरोध मार्च अचानक हिंसक मोड़ ले गया। दिनभर हजारों लोग 2026 शीतकालीन ओलंपिक के खिलाफ मार्च कर रहे थे, लेकिन रात के समय कुछ प्रदर्शनकारी और पुलिस के बीच झड़पें हुईं। पुलिस ने आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि ओलंपिक आयोजन से पर्यावरण और स्थानीय समाज पर गंभीर दबाव बढ़ रहा है, और आर्थिक बोझ भी बहुत भारी है।

मार्च से झड़प तक: कैसे बढ़ी हिंसा

इससे पहले सुबह से ही प्रदर्शनकारी हाथ में हाथ डालकर गाते-नाचते हुए मार्च कर रहे थे। इसमें छात्र, पर्यावरण कार्यकर्ता, आवास अधिकार संगठन, श्रमिक संघ और अन्य समूह शामिल थे। लेकिन रात के समय जब मार्च ओलंपिक गांव के पास पहुँचा, कुछ ने फायरक्रैकर और स्मोक बम फेंके।

झड़पें तब और बढ़ीं जब मार्च वाया बेनाको से पियाज़ाले कॉर्वेट्टो (ओलंपिक विलेज के पास) पहुंचा। यहां कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पटाखे और स्मोक बम फेंके। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और बाद में वाटर कैनन व आंसू गैस का इस्तेमाल किया, क्योंकि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वैन को निशाना बनाना शुरू कर दिया था। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश प्रदर्शनकारी हिंसा में शामिल नहीं थे और मुख्य इलाके में ही रहे।

इसी बीच, उत्तरी इटली के बोलोग्ना शहर में रेलवे नेटवर्क में गंभीर व्यवधान आया। इटली के परिवहन मंत्री ने इसे संभावित “पूर्वनियोजित हमला” बताया और सबोटाज की जांच शुरू कर दी। यह घटनाक्रम ओलंपिक के उद्घाटन समारोह के ठीक एक दिन बाद हुआ, जिसमें मिलान के सैन्सिरो स्टेडियम में विश्वप्रसिद्ध कलाकारों ने प्रस्तुति दी थी। प्रदर्शनकारी सरकार के सुरक्षा रुख और अल्पसंख्यकों के प्रति सख्त रवैये की भी आलोचना कर रहे हैं।

मिलान और कोर्टिना डी'अम्पेज़ो में शीतकालीन ओलंपिक

शीतकालीन ओलंपिक (Winter Olympics) एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता है, जो हर चार साल में बर्फ और हिम (Ice and Snow) पर खेले जाने वाले खेलों के लिए आयोजित की जाती है। इसकी शुरुआत 1924 में फ्रांस के शैमॉनिक्स से हुई थी। इसमें स्कीइंग, आइस हॉकी, फिगर स्केटिंग और स्नोबोर्डिंग जैसे रोमांचक खेल शामिल होते हैं।

वर्तमान में 2026 शीतकालीन ओलंपिक इटली के मिलान और कोर्टिना डी'अम्पेज़ो में 6 से 22 फरवरी तक आयोजित किए जा रहे हैं। इस बार 'स्की माउंटेनियरिंग' को पहली बार शामिल किया गया है। यह आयोजन अपनी भव्यता के साथ-साथ स्थिरता (Sustainability) और पर्यावरण संरक्षण के संदेश पर भी केंद्रित है।

Published on:
08 Feb 2026 08:22 am