विदेश

SCO Summit: रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मिले पीएम नरेंद्र मोदी, बोले- मानवता के लिए युद्ध का खत्म होना जरूरी

Modi-Putin Meeting: बिश्केक में SCO समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि युद्ध का हर दिन मानवता को पीछे ले जाता है और अब संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में आगे बढ़ना जरूरी है।
2 min read
Aug 31, 2026
sco summit pm narendra modi president Vladimir Putin
रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मिले पीएम नरेंद्र मोदी (फोटो- ANI)

SCO Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के इतर अहम द्विपक्षीय बातचीत की। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की और रूस-यूक्रेन युद्ध सहित कई अहम वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि युद्ध का हर दिन मानवता को पीछे ले जाता है और अब संवाद और कूटनीति के जरिए संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में आगे बढ़ना जरूरी है।

युद्ध का हर दिन मानवता को पीछे ले जाता है : पीएम नरेंद्र मोदी

पुतिन के साथ बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने रूस-यूक्रेन संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि यूक्रेन का मुद्दा लगातार चर्चा का विषय रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली मुलाकात में भी रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने उन्हें इस मामले के सभी पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि युद्ध में बीतने वाला हर दिन मानवता को पीछे ले जाता है, जबकि शांति की दिशा में उठाया गया हर कदम मानवता में नई उम्मीद और उत्साह पैदा करता है। उन्होंने कहा कि कभी न खत्म होने वाले संघर्ष को लंबा खींचने के बजाय, युद्ध को पूरी तरह खत्म करने पर ध्यान दिया जाना चाहिए। मानवता के कल्याण के लिए यह जरूरी है। पीएम मोदी ने सभी मुद्दों के जल्द शांतिपूर्ण समाधान की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि भारत का संदेश संवाद और शांति का है।

राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना हमारा साझा मंत्र : पीएम मोदी

राष्ट्रपति पुतिन की पिछली भारत यात्रा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उस यात्रा से आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को नई गति मिली थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "पिछले साल आपकी भारत यात्रा बेहद सफल और यादगार रही। हमने साथ में कई घंटे बिताए और खास बात यह रही कि रूसी व्यापार जगत के शीर्ष प्रतिनिधि भी आपके साथ भारत आए थे। इससे हमारे आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयां मिलीं और उनका दायरा बढ़ा।"

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, "मुझे खुशी है कि दोनों देशों की टीमें लिए गए फैसलों को लागू करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता और तेजी से काम कर रही हैं। यह बहुत संतोष की बात है कि हमारा सहयोग लगातार बढ़ रहा है। राष्ट्रहित को प्राथमिकता देना हमारा साझा मंत्र रहा है और भविष्य में भी यही हमारा मार्गदर्शक सिद्धांत रहेगा।"

Updated on:
31 Aug 2026 08:19 pm
Published on:
31 Aug 2026 08:08 pm
Also Read
View All