विदेश

Nepal Flood: नेपाल में फिर मंडराया बाढ़ का खतरा! भोटेकोशी नदी के लिए नई चेतावनी, किनारे बनी झील फटने का खतरा

Nepal Flash Flood: नेपाल में भोटेकोशी नदी की बाढ़ से तबाही के बीच नई चेतावनी जारी हुई है। बाढ़ से नदी किनारे बनी झील के फटने का खतरा मंडरा रहा है।
2 min read
Aug 27, 2026
Nepal India Flood Alert
नेपाल में बाढ़ से मची तबाही की तस्वीर, भोटेकोशी नदी के लिए फिर अलर्ट, photo credit: ANI

Bhotekoshi River Flood Warning: नेपाल में बुधवार को आई बाढ़ से तबाही के बाद अब फिर से खतरा मंडराने लगा है। नेपाल के अधिकारियों ने भोटेकोशी नदी के लिए बाढ़ की नई चेतावनी जारी की है। सैटेलाइट तस्वीरों से पता चला है कि उस जगह पर एक झील बन गई है, जहां बाढ़ आई थी। देश की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने गुरुवार को कहा कि झील का जलस्तर बढ़ रहा है और इसके फटने का खतरा है। एजेंसी ने लोगों और बचाव कर्मियों से नदी के किनारों से दूर रहने की अपील की है।

भोटेकोशी, त्रिशूली नदी में बढ़ा जलस्तर

पुलिस अधिकारियों के हवाले से AP की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक कम से कम 353 लोगों की मौत हो चुकी है। नेपाल की भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में बाढ़ आने के बाद लगभग 800 लोग लापता बताए गए थे। अधिकारियों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, 200 से ज्यादा भारतीय नागरिक चीन की तरफ वाले इलाके में फंसे हुए हैं। हालांकि, सरकार ने 21 भारतीयों को रेस्क्यू किया है, वहीं अब तक कई भारतीय लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

यह आपदा हाल के वर्षों में देश की सबसे भीषण आपदाओं में से एक है। US जियोलॉजिकल सर्वे ने एक बयान में कहा कि ग्लेशियर के ढहने से भूकंप जैसी हलचल हुई और इसके कारण नेपाल और तिब्बत के निचले इलाकों में बाढ़ ने जमकर तबाही मचाई।

इस बीच, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत ने नेपाल की मदद के लिए जरूरी दवाओं के साथ-साथ 10 टन मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) सामग्री भेजी है।

बाढ़ के कारण बिहार और यूपी अलर्ट पर

पड़ोसी देश नेपाल में अचानक आई बाढ़ से गंडक नदी बेसिन के कई जिलों में नुकसान होने के बाद बिहार और उत्तर प्रदेश को हाई अलर्ट पर रखा गया। अधिकारियों ने लोगों को जोखिम वाले इलाकों से सुरक्षित जगहों पर जाने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि संभावित सीमावर्ती इलाकों में स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव टीमों के साथ-साथ नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हालात और नदियों में जलस्तर बढ़ने की संभावना के बारे में बात की।

Updated on:
27 Aug 2026 05:55 pm
Published on:
27 Aug 2026 05:55 pm