विदेश

नाइजीरियाई सेना ने 317 आतंकियों को किया ढेर, 221 लोगों की बचाई जान

नाइजीरियाई सेना ने आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। मई में नाइजीरियाई सेना ने 300 से ज़्यादा आतंकियों को मार गिराया है।
2 min read
May 27, 2026
Nigerian troops
नाइजीरियाई सैनिक (File Photo)

अफ्रीकी देशों के लिए आतंकवाद (Terrorism) एक बड़ी समस्या बन गया है। नाइजीरिया (Nigeria) भी इससे अछूता नहीं है। ऐसे में देश में बढ़ रहे आतंकवाद को कम करने के लिए नाइजीरियाई सेना लगातार कार्रवाई कर रही है। नाइजीरिया के रक्षा मुख्यालय ने हाल ही में घोषणा की है कि मई महीने में देशव्यापी सैन्य अभियानों में सेना को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है।

317 आतंकियों को किया ढेर

नाइजीरियाई सेना ने मई महीने में 317 आतंकियों को मार गिराया। यह जानकारी मंगलवार को अबुजा में आयोजित मासिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान दी गई रक्षा मीडिया ऑपरेशंस के डायरेक्टर मेजर जनरल माइकल ओनोजा ने बताया कि थलसेना, वायुसेना और नौसेना के समन्वित अभियानों में यह सफलता मिली।

221 लोगों की बचाई जान

अबुजा में आयोजित मासिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान बताया गया कि सेना ने 221 लोगों को किडनैपिंग से भी बचाया। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अक्सर ही नाइजीरिया में आतंकी और डकैत निर्दोष लोगों की किडनैप कर लेते हैं और फिर छोड़ने के लिए फिरौती की मांग करते हैं। देश में इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं।

314 संदिग्धों को किया गिरफ्तार

नाइजीरियाई सेना ने मई में 314 संदिग्धों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 93 हथियार बरामद किए और 21,000 लीटर से ज़्यादा चोरी का पेट्रोलियम जब्त किया। इन अभियानों में कई आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया, बॉर्डर पार लॉजिस्टिक्स को बाधित किया गया और कई हमलों को विफल कर दिया।

आतंकियों के साथ ही डकैत भी बढ़ रहे हैं

नाइजीरिया विभिन्न सुरक्षा चुनौतियों से जूझ रहा है। बोको हराम और ISWAP जैसे इस्लामिक आतंकी संगठन देश में कई जगह एक्टिव हैं। वहीँ गांवों और कस्बों में डकैतों की एक्टिविटी भी बढ़ रही है। इससे देश में हालात बिगड़ रहे हैं।

सेना की कार्रवाई जारी रहेगी

नाइजीरियाई सेना का कहना है कि राष्ट्रपति बोला टिनुबू के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने आतंकवाद और अपराध पर लगातार दबाव बनाए रखा है। मेजर जनरल ओनोजा ने सैनिकों की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि ये अभियान देश में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए आवश्यक है और ऐसे में सेना की कार्रवाई इसी तरह जारी रहेगी जिससे देश में स्थिति को सुधारा जा सके।

Updated on:
27 May 2026 01:00 pm
Published on:
27 May 2026 12:48 pm