विदेश

दुनिया के सबसे दिग्गज पर्वतारोही निर्मल पुर्जा की ये थी आखिरी इच्छा, रिकॉर्ड बनाने की चाह में गंवाई जान

Nirmal Purja Dies: दुनिया के सबसे निडर और चर्चित पर्वतारोही निर्मल पुर्जा का निधन हो गया है। उनके नाम कई रिकॉर्ड थे। लेकिन उनका एक सपना जरूर अधूरा रह गया।
2 min read
Aug 01, 2026
Famed climber Nirmal Purja dies news
दुनिया के सबसे निडर पर्वतारोहियों में शामिल निर्मल पुर्जा का निधन (सोर्स: Bootneck Stuff एक्स यूजर)

Nepal Climber Nirmal Purja Dies: दुनिया के सबसे निडर पर्वतारोहियों में शामिल निर्मल पुर्जा अब हमारे बीच नहीं रहे। रिकॉर्ड बनाने के जुनून ने उन्हें पाकिस्तान के ब्रॉड पीक तक पहुंचाया, लेकिन यही मिशन उनके जीवन का आखिरी सफर बन गया।

8,051 मीटर ऊंचे ब्रॉड पीक पर चढ़ाई के दौरान आए एवलांच में निर्मल पुर्जा समेत कई पर्वतारोहियों की मौत हो गई। उनका सपना था कि वह दुनिया की सभी 14 ऊंची चोटियों पर दो बार चढ़ाई करने वाले पहले व्यक्ति बनें। हालांकि उनका यह सपना अधूरा रह गया, लेकिन उनकी उपलब्धियां हमेशा याद की जाएंगी।

ब्रॉड पीक पर इतिहास बनाने का सपना रह गया अधूरा

निर्मल पुर्जा का शुरुआती प्लान ब्रॉड पीक पर चढ़ने का नहीं था। वह गशरब्रुम-2 (G2) पर चढ़ाई करने के लिए पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) गए थे। लेकिन जब उन्हें ब्रॉड पीक पर इतिहास बनाने का मौका मिला, तो उन्होंने इसे छोड़ना नहीं चाहा। उनका लक्ष्य था कि सभी 14 आठ हजार मीटर से ऊंची चोटियों पर बिना ऑक्सीजन के दो बार चढ़ाई करने वाले दुनिया के पहले पर्वतारोही बनें। इसी लक्ष्य के साथ उन्होंने ब्रॉड पीक अभियान शुरू किया।

30 जुलाई को टीम के ऊपर अचानक एवलांच आ गया। इस हादसे में निर्मल पुर्जा के अलावा कई अन्य पर्वतारोहियों की भी जान चली गई। उनकी कंपनी एलीट एक्सपीड ने इस दुखद खबर की पुष्टि की।

वहीं नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने भी निर्मल पुर्जा और अन्य पर्वतारोहियों के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि पुर्जा की हिम्मत और योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते रहेंगे।

छह महीने में जीता था दुनिया की 14 चोटियों का मिशन

निर्मल पुर्जा का नाम माउंटेनियरिंग की दुनिया में किसी पहचान का मोहताज नहीं था। साल 2019 में उन्होंने अपने ‘प्रोजेक्ट पॉसिबल’ के तहत सिर्फ छह महीने में दुनिया की सभी 14 हजार मीटर ऊंची चोटियों पर चढ़ाई कर नया रिकॉर्ड बनाया था। इसके अलावा उन्होंने 2018 में सिर्फ पांच दिनों के अंदर माउंट एवरेस्ट, ल्होत्से और मकालू पर चढ़कर भी इतिहास रचा था।

बहादुरी और इंसानियत के लिए हमेशा याद किए जाएंगे

बता दें निर्मल पुर्जा सिर्फ रिकॉर्ड बनाने वाले पर्वतारोही नहीं थे, बल्कि कई रेस्क्यू मिशनों का हिस्सा भी रहे। ऊंचे पहाड़ों पर फंसे लोगों की मदद करने के लिए उन्हें दुनिया भर में सम्मान मिला।

Updated on:
01 Aug 2026 08:17 pm
Published on:
01 Aug 2026 07:51 pm