
North Cyprus ferry capsized: उत्तरी साइप्रस के तट पर रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हुआ, जहां लगभग 270 यात्रियों को ले जा रही एक पैसेंजर फेरी समुद्र में पलट गई। यह हादसा बंदरगाह से फेरी के रवाना होने के कुछ ही देर बाद तट से लगभग दो से तीन किलोमीटर की दूरी पर हुआ। हादसे की खबर मिलते ही तुर्की साइप्रियोट तटरक्षक बल (Coast Guard) की नावें घटनास्थल पर भेजी गईं, जो मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 'फिलो जेट' कंपनी द्वारा संचालित एक्सप्रेस पैसेंजर जहाज उत्तरी साइप्रस के किरेनिया बंदरगाह से तुर्की के तासुकु बंदरगाह के लिए निकला था। निकलने के कुछ ही देर बाद फेरी के निचले हिस्से में अचानक पानी भरने लगा, जिससे फेरी का संतुलन बिगड़ने लगा और कुछ ही मिनटों के भीतर वह समुद्र में एक तरफ झुकते हुए पूरी तरह पलट गया।
हादसे के समय जहाज पर लगभग 270 से 279 यात्री सवार थे। जहाज के पलटने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। हादसे के बाद सोशल मीडिया पर आए कई वीडियो में सैकड़ों यात्री अपनी जान बचाने के लिए एक-दूसरे का सहारा लेकर पलटे हुए जहाज पर और उसके किनारों पर खड़े दिखे। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में कुछ यात्रियों के घायल होने की खबर है, लेकिन अब तक किसी भी व्यक्ति के हताहत होने या जान जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे के बाद, तुर्की साइप्रस कोस्ट गार्ड ने कई पेट्रोल बोट्स को घटनास्थल पर भेजा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हवाई निगरानी और मदद के लिए एक मिलिट्री रेस्क्यू हेलिकॉप्टर भी तैनात किया गया। इसके अलावा, बंदरगाह के पास मौजूद आम नाविक, मछुआरे और प्राइवेट कंपनियों के जहाज भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान में मदद की।
समुद्र से बचाए गए यात्रियों को तुरंत प्राथमिक उपचार देने के लिए तट पर बड़ी संख्या में एम्बुलेंस और मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं। कोस्ट गार्ड के जवान नावों का इस्तेमाल करके यात्रियों को एक-एक करके तट पर लाने का काम कर रहे हैं। प्रशासन और बचाव टीमों की प्राथमिकता सभी यात्रियों को जल्द से जल्द सुरक्षित तट पर लाना है।