
Oman Tanker Incident: ओमान के पास तेल टैंकरों में आग लगने की घटनाओं ने समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के मुताबिक, ओमान के बुका इलाके से करीब 11 नॉटिकल मील पश्चिम में एक टैंकर पर अज्ञात चीज से हमला हुआ। UKMTO ने बताया कि टैंकर पर लगी आग को बुझा दिया गया है और टैंकर अभी रुका हुआ है। साथ ही, चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं। इससे पहले मंगलवार को ओमान के तट के पास समुद्र में एक तेल टैंकर और सैन्य बलों के बीच भिड़ंत हो गई थी।
UKMTO ने बताया कि टैंकर ओमान के बुका इलाके से करीब 11 नॉटिकल मील पश्चिम में था। यह इलाका होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित है। टैंकर पर किसी अज्ञात चीज से हमला हुआ, जिसके बाद आग लग गई। आग पर काबू पा लिया गया और जहाज अभी रूका हुआ है। साथ ही जानकारी के मुताबिक, चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित बताए गए।
इससे पहले, तेल टैंकरों पर हुए हमलों की जिम्मेदारी ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने ली थी। उसने बताया कि 24 घंटे में तीन टैंकर बारूदी सुरंगों की चपेट में आए हैं। जिसके बाद बड़ा विस्फोट हुआ। अब ईरान इस रास्ते को पूरी तरह से अवैध समुद्री मार्ग बता रहा है।
उसके मुताबिक, जहाज बिना ट्रैकिंग सिग्नल के अमेरिकी हवाई सुरक्षा के बीच इस रास्ते से गुजर रहे थे। एक टैंकर में करीब 20 लाख बैरल तेल होने का दावा भी किया गया था। हालांकि, अमेरिकी पक्ष से इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है और UKMTO ने तीनों हमलों की जानकारी नहीं दी है।
वहीं, बात करें होर्मुज से तेल की सप्लाई की तो कैपलर (Kpler) के आंकड़ों के मुताबिक, यह लगातार जारी है। पिछले सप्ताह होर्मुज के रास्ते प्रतिदिन करीब 1.4 करोड़ बैरल तेल की आवाजाही हुई। यह युद्ध से पहले के स्तर का लगभग 82 प्रतिशत है। इसके अलावा सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की पाइपलाइनों से होने वाली सप्लाई को मिलाकर खाड़ी क्षेत्र से कुल तेल निर्यात युद्ध से पहले के स्तर से भी अधिक बताया गया है।