
भारत (India) और अमेरिका (United States of America) के बीच ट्रेड डील (Trade Deal) का इंतज़ार दोनों देशों को है। इस ट्रेड डील पर दुनियाभर की नज़रें हैं। कुछ समय पहले ही अमेरिका की ट्रेड टीम भारत भी आई थी। बताया जा रहा है कि दोनों देशों के बीच ट्रेड डील फाइनल होने के अंतिम चरण में है। इसी बीच एक मीडिया रिपोर्ट सामने आई है जिसमें दावा किया जा रहा है कि हाल की बातचीत में भारत ने अमेरिका के साथ जल्दबाजी में कोई भी ट्रेड एग्रीमेंट करने से इनकार कर दिया है। इस रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि भारत बेहतर ट्रेड डील का इंतज़ार कर रहा है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नए ट्रेड पार्टनर्स, कम होते आर्थिक जोखिम और देश में मिल रहे राजनीतिक फायदों से भरोसा मिल रहा है। इस मीडिया रिपोर्ट पर भारत और अमेरिका दोनों की तरफ से प्रतिक्रिया सामने आ गई है।
इस मीडिया रिपोर्ट पर भारत के भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने प्रतिक्रिया जाहिर की है। गोयल ने सोशल मीडिया पर लिखा, "यह खबर पूरी तरह से झूठी, बेबुनियाद और गुमराह करने वाली है। जब अमेरिकी ट्रेड टीम के प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर जून में दिल्ली आए थे, तो मेरी उनके साथ बहुत अच्छी मीटिंग्स हुई थीं। दोनों पक्षों ने एक ऐसे समझौते के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई जो संतुलित हो, व्यावसायिक रूप से सार्थक हो और दोनों देशों के व्यवसायों, किसानों, श्रमिकों और उपभोक्ताओं को ठोस फायदा पहुंचाए। दोनों देशों की टीमें इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी तरह से जुटी हुई हैं।"
भारत में नियुक्त अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर (Sergio Gor) ने इस मीडिया रिपोर्ट को फेक न्यूज़ (Fake News) बताया है। गोर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "फेक न्यूज़ अलर्ट! किसी ने भी कुछ भी खारिज नहीं किया है। दोनों पक्षों के बीच बहुत ही सकारात्मक मीटिंग्स हुईं और भारत और अमेरिका ने ट्रेड डील को अंतिम रूप देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। हम लगातार सक्रिय रूप से इस मामले में जुड़े हुए हैं।"
गोर ने मीडिया एजेंसी को संदेश देते हुए कहा कि वो फेक न्यूज़ फैलाने की जगह बेहतर काम कर सकते हैं।