विदेश

रोमानिया ने तीसरे दिन भी मार गिराया संदिग्ध ड्रोन, रूस को दी कड़ी चेतावनी

Russian Drone: रोमानिया ने लगातार तीसरे दिन अपने हवाई क्षेत्र में घुसे संदिग्ध ड्रोन को मार गिराया। राष्ट्रपति निकुसोर डैन ने रूस की कड़ी आलोचना करते हुए इसे नाटो की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया।
2 min read
Jul 26, 2026
Russia- Romania Drone
रोमानिया ने लगातार तीसरे दिन अपने हवाई क्षेत्र में घुसे संदिग्ध ड्रोन को मार गिराया (सोर्स: ANI)

Romania-Russia Conflict: रोमानिया और रूस के बीच तनाव लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। लगातार तीसरे दिन रोमानिया के हवाई क्षेत्र में बिना अनुमति घुसे एक संदिग्ध ड्रोन को वायु सेना ने मार गिराया। इस घटना के बाद रोमानिया ने रूस के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। राष्ट्रपति निकुसोर डैन ने साफ कहा कि देश की सीमा और नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने इसे केवल रोमानिया ही नहीं, बल्कि नाटो और यूरोपीय संघ की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया।

तीसरे दिन भी ड्रोन घुसा, एफ-16 ने किया कार्रवाई

रोमानिया के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रविवार को एक संदिग्ध ड्रोन देश के समुद्री क्षेत्र में बिना अनुमति दाखिल हुआ। यह ड्रोन सुलीना से करीब 12 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में उड़ रहा था। इसके बाद रोमानियाई वायु सेना के एफ-16 लड़ाकू विमान ने तय प्रक्रिया के तहत उसे रोककर सुरक्षित तरीके से मार गिराया। इससे पहले शुक्रवार और शनिवार को भी दो ड्रोन नष्ट किए जा चुके हैं। लगातार तीन दिनों तक हुई इन घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

राष्ट्रपति ने रूस पर साधा निशाना

राष्ट्रपति निकुसोर डैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायु सेना के पायलटों और ग्राउंड टीम की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जवानों ने बहादुरी, तेजी और पूरी पेशेवर क्षमता के साथ कार्रवाई की। राष्ट्रपति ने रूस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार रोमानिया के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करना पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ रोमानिया की सीमा नहीं, बल्कि नाटो और यूरोपीय संघ की भी सुरक्षा का मामला है। ऐसे कदमों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जांच जारी, रूस के खिलाफ तैयार होगी आधिकारिक आपत्ति

रोमानिया के जनरल प्रॉसिक्यूटर कार्यालय ने बताया कि शुक्रवार को गिराया गया ड्रोन शहेद मॉडल का था, जिसका इस्तेमाल रूस यूक्रेन पर हमलों में करता है। शनिवार और रविवार को गिराए गए ड्रोन की जांच अभी जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद रूस के खिलाफ आधिकारिक कूटनीतिक आपत्ति दर्ज कराई जाएगी। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रडार सिस्टम ने ड्रोन की गतिविधि को समय रहते पकड़ लिया था। इसके बाद एफ-16 विमानों ने उसे ट्रैक किया और सीमा के पास एक सुनसान इलाके में सुरक्षित तरीके से मार गिराया। रोमानिया ने साफ संकेत दिया है कि भविष्य में भी देश की सीमा में किसी भी तरह की घुसपैठ पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
26 Jul 2026 10:22 pm
Published on:
26 Jul 2026 10:22 pm