विदेश

रूस का Su-30SM लड़ाकू विमान कलिनिनग्राद में क्रैश, दोनों पायलटों ने बचाई जान; अस्पताल में भर्ती

रूस का Su-30SM लड़ाकू विमान कलिनिनग्राद क्षेत्र में नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दोनों पायलट इजेक्ट करने में सफल रहे, लेकिन घायल होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
2 min read
• •
Oct 21, 2026
Su-30SM Fighter Jet
Fighter Jet Crash

Russia Su-30 Crash: रूस का Su-30SM लड़ाकू विमान बुधवार को कलिनिनग्राद क्षेत्र के चेर्न्याखोव्स्क जिले (टिमोफेयेव्का और जेलिओनी बोर के बीच) में नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में कोई हथियार नहीं था और यह निर्जन इलाके में गिरा। दोनों पायलट इजेक्ट करने में सफल रहे, लेकिन घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रणनीतिक रूप से संवेदनशील है कलिनिनग्राद

मिली जानकारी के अनुसार, कलिनिनग्राद रूस का एक अलग एन्क्लेव है, जो पोलैंड और लिथुआनिया जैसे नाटो देशों के बीच बाल्टिक सागर तट पर स्थित है। यहां रूसी बाल्टिक फ्लीट का मुख्यालय भी है। चेर्न्याखोव्स्क जिले में सैन्य एयर बेस है, जहां नेवल एविएशन के Su-30SM सहित अन्य विमान तैनात हैं. ये विमान नियमित रूप से क्षेत्र और बाल्टिक सागर पर ट्रेनिंग सॉर्टी उड़ाते हैं। यह क्षेत्र रणनीतिक रूप से संवेदनशील है, इसलिए किसी भी सैन्य हादसे पर विश्वभर की नजर रहती है।

पिछले एक साल में कई हादसे

यह पिछले एक साल में Su-30 की कई गैर-लड़ाकू दुर्घटनाओं में से एक है। अप्रैल में क्रीमिया में ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान एक सु-30 दुर्घटनाग्रस्त हुआ। नवंबर 2025 में करेलिया के प्रियोनेझ्स्की जिले में एक Su-30 क्रैश हुआ, जिसमें दोनों क्रू सदस्यों की मौत हो गई।

2022 में यूक्रेन पर बड़े स्तर पर हुए आक्रमण के बाद से रूसी सु-30 फ्लीट उच्च गति से उड़ानें भर रहा है। लड़ाकू मिशनों के साथ-साथ ट्रेनिंग और गश्त उड़ानें भी जारी हैं। रूसी नेवल एविएशन ने इस दौरान कई विमान खोए हैं। विमान में युद्ध सामग्री नहीं होने और समय रहते दोनों पायलट इजेक्ट करने से संभावित बड़ा हादसा टल गया। विमान निर्जन स्थान पर ​दुर्घटनाग्रस्त होने से अन्य जनहानि भी नहीं हुई। वरना आबादी क्षेत्र में विमान गिरने पर कई नागरिकों की जान जा सकती थी।

जांच और संभावित कारण

रूसी अधिकारियों ने दुर्घटना की जांच के लिए कमेटी गठित की है जो विमान में तकनीकी खराबी या पायलट त्रुटि को लेकर घटना की जांच करेगी। जांच में पायलटों की थकान और विमान के रखरखाव जैसे मुद्दों की भी गहनता से जांच की जाएगी। हालांकि अभी तक विमान दुर्घटना के ठोस कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।

Updated on:
21 Oct 2026 08:13 pm
Published on:
21 Oct 2026 06:19 pm