
भारत (India) और रूस (Russia) के मज़बूत संबंध जगजाहिर हैं। दोनों देशों के बीच सोवियत संघ के समय से ही मज़बूत संबंध रहे हैं, जो रूस के बनने के बाद भी बरकरार रहे। समय के साथ दोनों देशों के संबंधों में और मज़बूती आई है। यूक्रेन के खिलाफ युद्ध की वजह से जहाँ ज़्यादातर देशों ने रूस से किनारा कर लिया और जमकर विरोध भी किया, भारत ने शांति और अहिंसा का समर्थन करते हुए भी रूस की खिलाफत नहीं की। इससे दोनों देशों के संबंध और भी बेहतर हुए। इतना ही नहीं, भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) भी अच्छे दोस्त हैं। पुतिन तो पीएम मोदी से इस कदर प्रभावित हैं कि समय-समय पर पीएम मोदी की तारीफ भी करते रहते है। हाल ही में एक बार फिर पुतिन ने पीएम मोदी की तारीफ की है।
भारत के विकास में पीएम मोदी के नेतृत्व की अहम भूमिका
गुरुवार को रुस में स्टूडेंट डे के अवसर पर पुतिन स्टूडेंट्स से बात कर रहे थे। इसी दौरान भारत का भी ज़िक्र छिड़ गया। ऐसे में पुतिन ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा, "भारत दुनिया में हर तरह से विकास के मामले में काफी बेहतरीन कर रहा है और देश के विकास की दर भी सबसे बेहतरीन में से एक है। यह पीएम मोदी के नेतृत्व और काबिलियत की वजह से संभव हुआ है।"
पीएम मोदी के 'मेक इन इंडिया' अभियान की भी की तारीफ
पुतिन ने पीएम मोदी के 'मेक इन इंडिया' अभियान की भी तारीफ की। पुतिन ने कहा, "पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास की दिशा में कई बड़े कदम उठाए हैं। पीएम मोदी के 'मेक इन इंडिया' अभियान का भी भारत के विकास में योगदान है और इस बेहतरीन अभियान के बारे में रूस समेत कई और देशों ने भी सुना है।"
भारत की स्वतंत्र विदेश नीति है लाजवाब
पुतिन ने भारत की स्वतंत्र विदेश नीति की भी तारीफ की। पुतिन ने कहा, "भारत की स्वतंत्र विदेश नीति लाजवाब है। आज की दुनिया में ऐसा करना आसान नहीं है, पर भी भारत ऐसा कर रहा है और यह बहुत ही बेहतरीन है।"
रूस कर सकता है भारत पर भरोसा
पुतिन ने भारत पर रूस के भरोसे के बारे में बात करते हुए कहा, "रूस पूरी तरह से भारत पर भरोसा कर सकता है। इसकी सबसे बड़ी वजह है कि रूस जानता है कि भारत इंटरनेशनल लेवल पर रूस के साथ कोई चालाकी नहीं करेगा।"