विदेश

स्पेन में प्रवासी संकट: मोरक्को से तैरकर सेउटा पहुंचे हजारों प्रवासी, सेना संभालेगी मोर्चा; इटली ने शेंगेन समझौता निलंबित करने के दिए संकेत

Morocco Migrants Ceuta: स्पेन के सेउटा में मोरक्को से हजारों प्रवासियों के पहुंचने से बड़ा संकट खड़ा हो गया। सेना तैनात की गई है, जबकि इटली ने शेंगेन समझौता निलंबित करने के संकेत दिए हैं।
2 min read
Jul 31, 2026
Spain Migrant Crisis
स्पेन के छोटे से स्वायत्त क्षेत्र सेउटा में प्रवासी संकट। (Screengrab- X/@visegrad24)

Spain Ceuta Border: स्पेन और मोरक्को की सीमा पर गुरुवार को बड़ा प्रवासी संकट खड़ा हो गया। हजारों लोग एक साथ स्पेन के छोटे से स्वायत्त क्षेत्र सेउटा में घुस आए। सीमा पर अचानक मची अफरा-तफरी में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। स्थिति बिगड़ने के बाद सेउटा के स्थानीय प्रशासन ने स्पेन सरकार से मदद मांगी। इसके बाद स्पेन सरकार ने सेना भेजने का निर्णय लिया। सेना, सिविल गार्ड के साथ मिलकर सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ और गृह मंत्री फर्नांडो ग्रांडे-मार्लास्का भी हालात का जायजा लेने के लिए सेउटा पहुंचेंगे।

सीमा व्यवस्था लगभग ध्वस्त

सेउटा सीमा पर तैनात स्पेनिश सिविल गार्ड अधिकारियों के प्रतिनिधियों का कहना है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गए हैं। हजारों लोगों के एक साथ पहुंचने से सीमा व्यवस्था लगभग ध्वस्त हो गई। भीड़ इतनी अधिक थी कि सही संख्या का अनुमान लगाना भी मुश्किल हो गया। उधर, उत्तरी मोरक्को के मोरक्कन एसोसिएशन फॉर ह्यूमन राइट्स के सदस्य अशरफ मैमूनी ने इस स्थिति को असाधारण बताया।

वीडियो में क्या दिखा?

तराजाल सीमा को असामान्य परिस्थितियों में खोल दिया गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग स्पेन की सीमा में प्रवेश कर गए। वीडियो में लोग समुद्र किनारे बने रास्तों से स्पेन की ओर जाते दिखाई दिए। इनमें अधिकांश युवा पुरुष थे। हालांकि, महिलाओं और छोटे बच्चों वाले परिवार भी नजर आए। कुछ लोग 'वीवा एस्पान्या' यानी 'स्पेन जिंदाबाद' के नारे भी लगा रहे थे।

कम से कम नौ लोगों की मौत

सेउटा में स्पेन सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि गुरुवार को हुई अफरा-तफरी के दौरान कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। हालांकि, इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। मौके पर पानी में शव मिले। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष सेउटा पहुंचने की कोशिश में दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है।

बता दें कि स्पेन और मोरक्को के बीच बुधवार को तनाव उस समय बढ़ने लगा, जब बड़ी संख्या में प्रवासियों ने तैरकर सेउटा पहुंचने की कोशिश की। मोरक्को के अधिकारियों ने इन घटनाओं पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है। वहीं, मोरक्को के गृह मंत्रालय की ओर से भी कोई जवाब नहीं दिया गया।

शेंगेन समझौते पर संकट

स्पेन के स्वायत्त क्षेत्र सेउटा में बड़ी संख्या में प्रवासियों के पहुंचने के बाद इटली ने असाधारण कदम उठाने के संकेत दिए हैं। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर इटली, स्पेन के साथ शेंगेन क्षेत्र समझौते को भी निलंबित करने पर विचार कर सकता है।

मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर कहा कि सेउटा से सामने आ रही तस्वीरें इस बात का स्पष्ट प्रमाण हैं कि अनियंत्रित अवैध प्रवासन यूरोप की सीमाओं की सुरक्षा के लिए वास्तविक खतरा बन गया है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर उनकी गृह मंत्री मात्तेओ पियांटेदोसी से बातचीत हुई है। सरकार के संबंधित सुरक्षा तंत्रों की बैठक बुलाई जा रही है, ताकि औपचारिक प्रतिक्रिया तय की जा सके। उन्होंने कहा कि उच्चस्तरीय बैठकों में लिए गए फैसलों के आधार पर इटली अपनी सीमाओं की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए असाधारण कदम उठाने को तैयार है।

Updated on:
31 Jul 2026 08:49 am
Published on:
31 Jul 2026 08:49 am