30 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बढ़ती जनसंख्या पर पाकिस्तान चिंतित, नहीं संभले तो 2040 तक 40 करोड़ पहुंच सकती है आबादी

Population growth Pakistan: पाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री ने चेतावनी दी है कि 2040 तक देश की आबादी 40 करोड़ पहुंच सकती है। सरकार ने परिवार नियोजन, मातृ स्वास्थ्य और जनसंख्या नियंत्रण पर जोर दिया है।
2 min read
Google source verification
Pakistan population growth.

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ। (फोटो- ANI)

Pakistan population 2040: पाकिस्तान में तेजी से बढ़ रही जनसंख्या सरकार के लिए चिंता का विषय बन गई है। पाकिस्तान सरकार में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मुख्तार अहमद भरथ ने इसको लेकर कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि यदि मौजूदा रफ्तार इसी तरह जारी रही तो वर्ष 2040 तक देश की आबादी 40 करोड़ तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि इस चुनौती से निपटने के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ाना और परिवार नियोजन को अपनाना जरूरी है। डॉ. भरथ ने यह बात बुधवार को इस्लामाबाद के तर्लई स्थित बेसिक हेल्थ यूनिट में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कही।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण के लिए एक राष्ट्रीय परिषद का गठन किया है। यह परिषद इस क्षेत्र में नीतियों को मजबूत करने और प्रभावी कदम उठाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि परिवार बढ़ाने से पहले माता-पिता को अपनी आर्थिक और सामाजिक स्थिति का आकलन करना चाहिए। यह देखना जरूरी है कि वे अपने बच्चों को पर्याप्त पोषण, अच्छी शिक्षा, समय पर टीकाकरण, स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर परवरिश दे सकते हैं या नहीं। उनके अनुसार, हर बच्चे को उसके बुनियादी अधिकार मिलना ही एक स्वस्थ और समृद्ध समाज की पहचान है।

पाकिस्तान सरकार की चिंता का कारण

डॉ. मुख्तार अहमद भरथ ने कहा कि पाकिस्तान में आधुनिक गर्भनिरोधक उपायों का इस्तेमाल कई अन्य देशों की तुलना में काफी कम है। उन्होंने बताया कि सऊदी अरब, ईरान और तुर्किये जैसे देशों में परिवार नियोजन के प्रति अधिक जागरूकता है। इसके मुकाबले पाकिस्तान में सुरक्षित और प्रभावी गर्भनिरोधक साधनों का उपयोग सीमित है।

उन्होंने कहा कि इसकी वजह से अनचाहे गर्भधारण के मामले बढ़ते हैं। इसके बाद असुरक्षित गर्भपात की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। इसका सीधा असर महिलाओं के स्वास्थ्य पर पड़ता है। साथ ही देश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी अतिरिक्त बोझ बढ़ता है।

मां के स्वास्थ्य पर दिया जोर

डॉ. भरथ ने कहा कि स्वस्थ मां ही स्वस्थ परिवार और मजबूत राष्ट्र की नींव होती है। यदि मां का स्वास्थ्य अच्छा नहीं होगा तो इसका असर बच्चों की पढ़ाई, विकास और पूरे परिवार के भविष्य पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी निभाना जरूरी है, उसी तरह मातृ स्वास्थ्य की सुरक्षा भी परिवार और देश की प्रगति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

इस बीच पाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि चीन सरकार ने संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष के सहयोग से पाकिस्तान को 20 लाख डॉलर मूल्य की प्रजनन स्वास्थ्य और परिवार नियोजन संबंधी दवाएं, चिकित्सा सामग्री और उपकरण उपलब्ध कराए हैं। सरकार का कहना है कि इससे देश में मातृ एवं प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।