
Syria Cafe Bomb Blast: सीरिया की राजधानी दमिश्क में गुरुवार को इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बम से बड़ा धमाका हो गया। धमाका शहर के अल-हिजाज इलाके में एक भीड़भाड़ वाले कैफे में हुआ। इस धमाके में करीब 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए। यह कैफे केंद्रीय कोर्ट के पास होने के कारण यहां हमेशा लोगों की भीड़ रहती है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर ने कैफे की एक टेबल के नीचे विस्फोटक डिवाइस रखी थी। घटना के बाद पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है।
यह विस्फोट दमिश्क की अल-नसर स्ट्रीट स्थित एक कैफे में हुआ जिसमें पांच लोगों की जान चली गई। यह कैफे जो जस्टिस पैलेस और ऐतिहासिक हमीदिया बाजार के पास हैं। सीरिया के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, धमाके के तुरंत बाद एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अब तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। वहीं, सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है।
यह कैफे दमिश्क के केंद्रीय कोर्ट, पैलेस ऑफ जस्टिस के करीब स्थित है। बताया गया कि धमाका कोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार से करीब 100 मीटर की दूरी पर हुआ। यह कैफे वकीलों, कोर्ट कर्मचारियों और यहां आने वाले लोगों के बीच काफी लोकप्रिय माना जाता है। धमाके के बाद पुलिस और सैन्य खुफिया एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया। लोगों की आवाजाही रोक दी गई और सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी शुरू कर दी।
मौके पर मौजूद सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि एक व्यक्ति कैफे में आया, उसने एक टेबल के नीचे इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) रखी और वहां से निकल गया। जांच एजेंसियों को यह भी शक है कि उसका इरादा आगे कोर्ट परिसर तक पहुंचकर किसी और हमले को अंजाम देने का हो सकता था। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और संदिग्ध की पहचान भी सार्वजनिक नहीं की गई है।
सीरिया के गृह मंत्रालय ने घटना के बाद कहा कि राजधानी दमिश्क के अल-हिजाज इलाके के एक कैफे में विस्फोटक डिवाइस फटने के बाद सुरक्षा टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और कार्रवाई शुरू कर दी। लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और धमाके वाली जगह को पूरी तरह सुरक्षित कर लिया गया है। मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी साना के मुताबिक, धमाके के बाद 15 लोगों को अल-मुज्ताहिद अस्पताल ले जाया गया। इनमें पांच मृतक और 10 घायल शामिल थे। इसके अलावा एक अन्य घायल को सीरियन रेड क्रिसेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के प्रमुख ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।