विदेश

‘Iran के बाद क्यूबा की बारी’, Trump ने फिर कर दिया ऐलान, कहा- अमेरिकी युद्धपोत क्यूबा के तट के पास थोड़ा रुक सकते हैं

US sanctions on Cuba: ट्रंप ने फ्लोरिडा रैली में कहा, ईरान से लौटते समय अमेरिकी युद्धपोत क्यूबा तट के पास रुक सकते हैं। क्यूबा के विदेश मंत्री ने धमकी को खारिज किया।
2 min read
• •
Updated: 24 Oct 2026, 7:14 AM IST
Donald Trump Criticizes UK Airbase Terror Suspects Bail
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फोटो- IANS)

Trump statement on Cuba: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एकबार फिर क्यूबा पर कब्जे जैसी बात कही है। ट्रंप ने बीते शुक्रवार को कहा कि ईरान युद्ध से लौट रहे अमेरिकी युद्धपोत क्यूबा के पास कुछ देर के लिए रुक सकते हैं। फ्लोरिडा में एक मध्यावधि चुनाव से पहले एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ईरान से लौटते समय हम क्यूबा को भी संभाल लेंगे। हमारे खूबसूरत जहाज क्यूबा के पास से गुजरेंगे। उनमें से एक जहाज क्यूबा के तट से करीब 50 गज की दूरी पर रुकेगा। वे हाथ ऊपर कर देंगे, और फिर हम मार्को रुबियो को क्यूबा भेजेंगे।

ट्रंप के बयान पर क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज ने प्रतिक्रिया दी

अमेरिकी राष्ट्रपति के इस बयान पर क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने क्यूबा के प्रति अमेरिकी धमकी को खारिज करते हुए एक्स पर लिखा कि हम क्यूबा के प्रति अमेरिकी महत्वाकांक्षाओं से जुड़ी हर धमकी को अस्वीकार करते हैं। हमारे तट पर खूबसूरत समुद्र तट हैं, लेकिन वहां चूना पत्थर की उस्तरे जैसी धारदार नुकीली चट्टानें भी हैं, जो शत्रुतापूर्ण इरादों और प्रभुत्व की लालसा के साथ हमारे तटों तक पहुंचने वालों के लिए एक दुर्गम माहौल है।

रुबियो ने की क्यूबा के लोगों से CIA को जानकारी देने की अपील

वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने क्यूबा के लोगों से केंद्रीय खुफिया एजेंसी के साथ गोपनीय जानकारी साझा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे क्यूबा में सकारात्मक बदलाव आएगा। मार्को रुबियो ने एक्स पर लिखा कि जो लोग क्यूबा में सकारात्मक बदलाव लाना चाहते हैं, उनके लिए यही समय है। झूठे वादों से मिली निराशा, भ्रष्टाचार और चंद लोगों के विशेषाधिकार वाले जीवन के बीच इस अवसर का लाभ उठाइए और सीआईए के साथ एक गोपनीय साझेदारी के जरिए वह बदलाव लाइए जो आप चाहते हैं।

क्यूबा पर लगातार आर्थिक दबाव बना रहा है अमेरिका

गौरतलब बात यह है कि ट्रंप प्रशासन क्यूबा पर आर्थिक दबाव लगातार बढ़ा रहा है। निर्माण, खनन और धातु क्षेत्रों की नौ सरकारी कंपनियों पर नए प्रतिबंध लगाए गए हैं। साथ ही, अमेरिकी नागरिकों को द्वीप की यात्रा के दौरान सरकारी नियंत्रण वाले उद्यमों के साथ कारोबार करने से रोकने वाले नियमों को और सख्ती से लागू किया जा रहा है।

हम क्यूबा पर तुरंत कब्जा कर लेंगे: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

इसी साल 2 मई को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि हम क्यूबा पर तुरंत कब्जा कर लेंगे। द पाम बीचेस के फोरम क्लब डिनर में ट्रंप ने कहा था कि क्यूबा की अपनी समस्याएं हैं। पहले हम एक को निपटा लें। उधर, व्हाइट हाउस की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि क्यूबा सरकार की नीतियां-तरीके और कार्रवाइयां अमेरिका के लिए एक असामान्य और असाधारण खतरा बनी हुई हैं।

Updated on:
24 Oct 2026, 7:14 AM IST
Published on: