
Ukrainian Drone Attack Latest Update: एक तरफ मिडिल-ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच जंग जारी है। दूसरी तरफ अब खबर आई है कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध एक बार फिर तेज़ हो गया है। ताजा जानकारी और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को के आसपास के इलाकों को ड्रोन हमलों से निशाना बनाया। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 61 लोग घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दूसरी ओर, रूस ने भी दावा किया है कि उसने बड़ी संख्या में यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए और यूक्रेन के कई सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किए हैं।
मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि यूक्रेनी ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई। इसके अलावा 61 लोग घायल हुए हैं। 20 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वहीं, 31 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। नौ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को छर्रे लगने, धमाके से गंभीर चोटें आने, फ्रैक्चर, जलने और धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं हुई हैं। सभी का अस्पताल में इलाज जारी है।
गवर्नर के मुताबिक, मॉस्को से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित इलेक्ट्रोस्टल शहर सबसे अधिक प्रभावित हुआ। यहां 57 लोग घायल हुए। वहीं, नोगिंस्क शहर में चार लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। इससे पहले भी इलेक्ट्रोस्टल में एक वेयरहाउस परिसर में ड्रोन गिरने से 24 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।
हमले के बाद रूस ने भी जवाबी कार्रवाई का दावा किया है। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में एयर डिफेंस सिस्टम ने 774 यूक्रेनी फिक्स्ड-विंग ड्रोन और 13 गाइडेड एरियल बमों को नष्ट कर दिया।
मंत्रालय का कहना है कि रूसी सेना ने रातभर प्रिसिजन-गाइडेड हथियारों और अटैक ड्रोन की मदद से यूक्रेन के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इन हमलों का उद्देश्य यूक्रेनी सेना की सप्लाई और सैन्य क्षमता को कमजोर करना था।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि जवाबी हमलों में यूक्रेन के ओडेसा पोर्ट को नुकसान पहुंचा है। यह पोर्ट ईंधन और अन्य जरूरी सैन्य सामग्री की आपूर्ति के लिए इस्तेमाल किया जाता था।
रूस ने यह भी दावा किया कि चोर्नोमोर्स्क पोर्ट पर गोला-बारूद उतार रहे एक कंटेनर जहाज को निशाना बनाया गया। इसके अलावा ब्लैक सी में स्नेक आइलैंड के पास यूक्रेनी सेना के लिए सामान ले जा रहे एक ड्राई कार्गो जहाज पर भी हमला किया गया। ऐसे में लगातार बढ़ते ड्रोन हमले और जवाबी सैन्य कार्रवाई यह संकेत दे रहे हैं कि रूस-यूक्रेन युद्ध अभी और अधिक गंभीर रूप ले सकता है।