विदेश

रूस की राजधानी में उतरा अमेरिकी सैन्य विमान, जानिए क्या है मिशन?

US Military Aircraft: रूस की राजधानी मॉस्को में अमेरिकी C-17A मिलिट्री विमान की लैंडिंग से हलचल बढ़ गई। यह एयरक्राफ्ट वाशिंगटन DC के पास एंड्रयूज एयर फ़ोर्स बेस से उड़ा था और मॉस्को टाइम के हिसाब से सुबह लगभग 10 बजे रूसी राजधानी में उतरा।
2 min read
Aug 25, 2026
US military aircraft
अमेरिकी C-17A मॉस्को में लैंड। फोटो में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप (सोर्स: ANI)

Russia-US Relation: रूस की राजधानी मॉस्को में एक अमेरिकी मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट की लैंडिंग ने सबका ध्यान खींचा है। सवाल उठ रहा है कि आखिर अमेरिकी विमान रूस की राजधानी तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे क्या मकसद है?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी वायुसेना का बोईंग C-17A Globemaster III मॉस्को पहुंचा। विमान ने अमेरिका से उड़ान भरी थी। इसके बाद उसने कई जगहों पर ठहराव किया। फिर वह रूसी एयरस्पेस में दाखिल हुआ। हालांकि, इस उड़ान का असली मिशन अभी साफ नहीं है। अमेरिकी पेंटागन और रूसी विदेश मंत्रालय की ओर से भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

अमेरिका से मॉस्को तक कैसे पहुंचा विमान?

रूसी न्यूज एजेंसी TASS के मुताबिक, यह C-17A सोमवार सुबह मॉस्को में उतरा। विमान ने वाशिंगटन DC के पास मौजूद ‘Andrews Air Force Base’ से उड़ान भरी थी।

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान ने सीधे रूस का रुख नहीं किया। उसने पहले अमेरिका के Charleston International Airport/Air Force Base पर ठहराव किया। इसके बाद विमान लातविया की राजधानी Riga पहुंचा। यहां से उसने रूसी सीमा की ओर उड़ान जारी रखी।

एक यूरोपीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल अधिकारी ने भी TASS को बताया कि अमेरिकी मिलिट्री विमान लातविया से रवाना हुआ और रूस की तरफ बढ़ गया।

C-17A विमान कितना खास है?

बता दें Boeing C-17A मिलिट्री विमान अमेरिकी वायुसेना का भारी-भरकम मिलिट्री ट्रांसपोर्ट विमान है। इसका इस्तेमाल सैनिकों और बड़े पैमाने पर सैन्य सामान को तेजी से एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए किया जाता है। यह विमान लंबी दूरी की उड़ान भर सकता है। इसे भारी कार्गो और सैन्य उपकरणों की आवाजाही के लिए डिजाइन किया गया है। यही वजह है कि मॉस्को जैसे संवेदनशील इलाके में इसकी लैंडिंग ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सबसे बड़ा सवाल विमान में मौजूद कार्गो और उसके मिशन को लेकर है। लेकिन फिलहाल इसका कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला है।

क्या हो सकता है विमान के मॉस्को पहुंचने का कारण?

अभी तक अमेरिकी विमान के मिशन की पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इसके मकसद को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। रिपोर्ट्स में डिप्लोमैटिक लॉजिस्टिक्स, कैदियों की अदला-बदली या अन्य द्विपक्षीय प्रशासनिक मामलों जैसी संभावनाओं का जिक्र किया गया है। लेकिन इनमें से किसी की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इससे पहले भी अमेरिकी एयरफोर्स के एक ट्रांसपोर्ट विमान के मॉस्को के Vnukovo Airport पहुंचने की खबर सामने आई थी। उस समय रूस ने कहा था कि उसे विमान या उसके आने की जानकारी नहीं थी।

बता दें यूक्रेन युद्ध के बाद अमेरिका और यूरोपीय देशों ने रूस पर कई प्रतिबंध लगाए हैं। रूस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिकी और अन्य पश्चिमी देशों के विमानों के लिए अपना एयरस्पेस प्रतिबंधित किया है।