विदेश

US-Israel-Iran War: ईरान ने दुबई एयरपोर्ट पर किया हमला, सभी उड़ानों पर लगी रोक

US-Israel-Iran War: ईरान ने दुबई के एयरपोर्ट पर ड्रोन गिरने से हमला किया है। इसके साथ ही एयरपोर्ट पर एक रोकी गई मिसाइल का मलबा भी गिरा जिसके बाद एयरपोर्ट का संचालन कुछ समय के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया।

2 min read
Mar 07, 2026
दुबई एयरपोर्ट पर हमला (फोटो- Tirth Sharma एक्स पोस्ट)

US-Israel-Iran War: दुबई में मिडिल ईस्ट संघर्ष के बीच शनिवार को अचानक सुरक्षा अलर्ट ने अंतरराष्ट्रीय विमानन गतिविधियों को प्रभावित कर दिया। पिछले कई दिनों से ईरान और इजरायल के बीच चल रहे हमलों के कारण खाड़ी क्षेत्र पहले ही हाई अलर्ट पर था। इसी बीच अब दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ईरानी ड्रोन हमले की खबरें सामने आ रही हैं। इसके कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें ड्रोन एयरपोर्ट के पास गिरता दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही एयरपोर्ट पर मिसाइल का मलबा गिरने की बात भी कही जा रही है। खबरों के अनुसार, ड्रोन अटैक के बाद कुछ समय के लिए एयरपोर्ट का संचालन पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। हालांकि बाद में सीमित फ्लाइट संचालन फिर शुरू कर दिया गया।

ये भी पढ़ें

US-Israel-Iran War: जोरदार धमाके से दहला तेहरान एयरपोर्ट, खौंफनाक मंजर देख कांप जाएगी रूह

फ्लाइट्स में औसतन 60 से 90 मिनट की देरी

एयरपोर्ट अधिकारियों ने इस मामले पर बयान देते हुए बताया कि एयरपोर्ट पर कोई बडा नुकसान या हताहत नहीं हुआ है। साथ ही ड्रोन हमले के कुछ ही देर बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। एयरलाइन एमिरेट्स (Emirates) ने बयान जारी कर कहा कि दुबई से आने जाने वाली सभी फ्लाइट्स को अगले आदेश तक रोक दिया गया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी एयरलाइन से फ्लाइट की स्थिति जरूर कन्फर्म करें। कुछ समय बाद सीमित संख्या में फ्लाइट्स फिर से शुरू कर दी गईं, लेकिन औसतन 60 से 90 मिनट की देरी दर्ज की गई।

अलर्ट के बाद शहर में एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 (FlightRadar24) के अनुसार, इस दौरान दुबई के एयरस्पेस में बहुत कम विमान नजर आए। दुबई सरकार ने सुरक्षा अलर्ट के बाद शहर में एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिया। एयरपोर्ट पर मौजूद कई यात्रियों को सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट परिसर के ट्रेन टनल में ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एयरपोर्ट के ऊपर धमाके की आवाज सुनाई दी और उसके बाद आसमान में धुएं का गुबार दिखाई दिया। हालांकि दुबई सरकार के मीडिया कार्यालय ने बाद में स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट पर कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सरकार ने बताया कि शहर में गिरा कुछ मलबा एक मामूली घटना का कारण बना, लेकिन इसमें किसी के घायल होने की खबर नहीं है। सोशल मीडिया पर एयरपोर्ट के ऊपर धुआं उठने के कई वीडियो वायरल हुए, जिसके बाद स्थिति को लेकर भ्रम फैल गया था।

ट्रंप ने इजराइल को 151 मिलियन डॉलर के नए हथियार मंजूर किए

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब ईरान और इजराइल के बीच जारी संघर्ष आठवें दिन में प्रवेश कर चुका है। पिछले सप्ताह अमेरिकी और इजराइली हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव तेजी से बढ़ा है। ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए इजराइल पर मिसाइल हमले किए हैं। इससे पहले दुबई एयरपोर्ट परिसर में भी एक घटना में चार कर्मचारियों के घायल होने और एक कॉन्कोर्स के क्षतिग्रस्त होने की खबर आई थी। ड्रोन के मलबे से दुबई में अमेरिकी दूतावास परिसर के पास आग लगने की घटना भी सामने आई थी। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइल को 151 मिलियन डॉलर के नए हथियार सौदे को मंजूरी दी है। दूसरी ओर ईरान ने संयुक्त राष्ट्र में कहा है कि वह अपनी सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा।

Updated on:
07 Mar 2026 03:38 pm
Published on:
07 Mar 2026 02:41 pm
Also Read
View All