US-Israel-Iran War: तेहरान के मेहराबाद एयरपोर्ट पर इजराइल के एयरस्ट्राइक ने एयरस्ट्राइक की है। धमाकों के बाद एयरपोर्ट परिसर से धुआं उठता दिखाई दिया और कई जगह आग लग गई।
US-Israel-Iran War: मिडिल ईस्ट में जारी ईरान-इजराइल युद्ध लगातार खतरनाक मोड़ लेता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से दोनों देशों के बीच मिसाइल हमले और एयरस्ट्राइक तेज हो गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। इसी बीच इजराइल ने तेहरान के मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाते हुए बड़ा एयरस्ट्राइक किया, जिसके बाद इलाके में जोरदार धमाके और आग लगने की खबरें सामने आई।
शनिवार सुबह ईरान की राजधानी तेहरान में स्थित मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास जोरदार विस्फोट सुनाई दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाकों के बाद एयरपोर्ट परिसर से धुआं उठता दिखाई दिया और कई जगह आग लग गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भी एयरपोर्ट क्षेत्र से उठता काला धुआं साफ देखा जा सकता है। इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हमला ईरान के सरकारी ढांचे और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाकर किया गया। तेहरान के एविएशन डिस्ट्रिक्ट और एकबतान टाउन के आसपास भी धमाकों की आवाजें सुनी गईं। माना जा रहा है कि यह हमला ईरान की सैन्य और एयर डिफेंस क्षमता को कमजोर करने की रणनीति का हिस्सा है।
इजराइल में भी हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। इजराइली सेना, यानी इजराइल डिफेंस फोर्सेज (IDF), ने बताया कि ईरान की ओर से नए मिसाइल लॉन्च का पता चलने के बाद तेल अवीव और मध्य इजराइल के कई इलाकों में सायरन बजने लगे। नागरिकों को तुरंत सुरक्षित बंकरों में जाने के निर्देश दिए गए। इससे पहले उत्तरी इजराइल की ओर दागी गई एक मिसाइल बीच रास्ते में ही गिर गई थी, जिसके कारण वहां सायरन नहीं बजाया गया। हालांकि बाद में नई मिसाइल चेतावनी के कारण कई शहरों में फिर से अलर्ट जारी कर दिया गया।
मिडिल ईस्ट के अन्य देशों पर भी इस युद्ध का असर दिखाई देने लगा है। बहरीन में कई इलाकों में एयर रेड सायरन बजाए गए, जिसके बाद गृह मंत्रालय ने लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। वहीं जॉर्डन के अकाबा शहर के ऊपर एक मिसाइल को हवा में ही इंटरसेप्ट कर लिया गया। यह शहर दक्षिणी इजराइल के इलात के करीब स्थित है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह बहरीन में कुछ घंटों के भीतर दूसरी बार सायरन बजने की घटना थी। लगातार बढ़ते हमलों ने पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर ला दिया है।
युद्ध के आठवें दिन तक संघर्ष बेहद घातक रूप ले चुका है। रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान में अब तक 1230 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लेबनान में 70 से ज्यादा और इजराइल में करीब एक दर्जन लोगों की जान गई है। इस संघर्ष में छह अमेरिकी सैनिकों की भी मौत हुई है। ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद कुवैत में स्थित संयुक्त राज्य अमेरिका दूतावास (USEMBASSY) को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।