विदेश

मोहन भागवत के कार्यक्रम से पहले न्यूयॉर्क में सुरक्षा अलर्ट, हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने मेयर जोहरान ममदानी से की अपील

RSS प्रमुख मोहन भागवत के न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन कार्यक्रम से पहले हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने सुरक्षा अलर्ट जारी किया।
2 min read
Aug 27, 2026
HAF issues security alert ahead of Mohan Bhagwat’s NYC event.
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत (File Photo - IANS)

Hindu American Foundation Issues Security Alert: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत अमेरिका दौरे पर हैं। वह 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ में करीब 5,000 भारतीय-अमेरिकियों को संबोधित करेंगे। हालांकि, उनके इस दौरे का अमेरिका में विरोध किया जा रहा है। अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (USCIRF) ने अमेरिकी सरकार से RSS सदस्यों पर प्रतिबंध लगाने और मोहन भागवत का वीजा रद्द करने की मांग की है। इन सबके बीच आगामी ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ से पहले हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने सुरक्षा को लेकर सलाह जारी की है।

हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, 'सामुदायिक सुरक्षा चेतावनी! HAF न्यूयॉर्क शहर के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन से पहले यह सुरक्षा अलर्ट जारी कर रहा है। सतर्क रहें, अपने आसपास की परिस्थितियों के प्रति जागरूक रहें और बातचीत को शांतिपूर्ण बनाए रखें।'

हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन की मेयर जोहरान ममदानी से अपील

हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने दावा किया कि कुछ लोग इस कार्यक्रम को रोकने और रद्द कराने की कोशिश कर रहे हैं। हिंदू-अमेरिकियों को निशाना बना रहे हैं। संगठन ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी से कार्यक्रम में शामिल लोगों की सुरक्षा और उनके नागरिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

बता दें कि यह सुरक्षा चेतावनी ऐसे समय में जारी की गई है, जब कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सांस्कृतिक एकता और समुदायों के बीच आपसी जुड़ाव को बढ़ावा देना है।

जोहरान ममदानी पर बरसीं अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन

मोहन भागवत के अमेरिकी दौरे के विरोध के बीच अमेरिकी गायिका और अभिनेत्री मैरी मिलबेन ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी की कड़ी आलोचना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, 'ममदानी और अन्य लोग मोहन भागवत के मैडिसन स्क्वायर गार्डन कार्यक्रम का विरोध इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP के खिलाफ हैं।' उन्होंने कहा कि मैडिसन स्क्वायर गार्डन ऐसे विरोधों के बजाय व्यावसायिक आधार पर काम करता है और कार्यक्रम आयोजित होगा।

मिलबेन की यह टिप्पणी न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी के मंगलवार के बयान के बाद आई है। ममदानी ने कहा था कि वह मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले उस कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते, जिसमें RSS प्रमुख मोहन भागवत भारतीय प्रवासियों को संबोधित करने वाले हैं। हालांकि, मेयर ने स्पष्ट किया था कि शहर के अधिकारियों के पास इस कार्यक्रम को रोकने का कानूनी अधिकार शायद नहीं है, क्योंकि यह 29 अगस्त को होने वाला एक निजी कार्यक्रम है।

Updated on:
27 Aug 2026 09:46 am
Published on:
27 Aug 2026 09:43 am