विदेश

US-Iran War: ईरान के सैन्य ठिकानों पर फिर अमेरिका का हमला, तेहरान में एयर डिफेंस एक्टिव

US-Iran Conflict:अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने लगातार 11वीं रात ईरान के सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए। अमेरिका का कहना है कि इन हमलों का उद्देश्य हॉर्मुज स्ट्रेट में व्यापारिक जहाजों के लिए खतरा पैदा करने की ईरान की क्षमता को कमजोर करना है।
2 min read
Jul 22, 2026
US military air strikes target Iranian military sites.
अमेरिकी सेना (Photo - X/@CENTCOM)

US Air Strikes on Iran: पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। दोनों देशों के बीच सीजफायर खत्म होने के बाद अमेरिका का ईरान पर 11वीं बार हमला है। इस एयरस्ट्राइक के बारे में जानकारी अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दी है। अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ' स्थानीय समयानुसार आज शाम 7 बजे (ET) ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमला शुरू किया। यह लगातार 11वीं रात है, जब अमेरिका ने ऐसे हमले किए हैं। इन हमलों का मकसद हॉर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों को खतरा पहुंचाने की ईरान की क्षमता को कमजोर करना है।'

एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव

अमेरिकी हमले को देखते हुए ईरान ने तेहरान के कई इलाकों में एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव किया हुआ है। ईरान की सरकारी प्रसारक संस्था IRIB के अनुसार, तेहरान के पश्चिम, पूर्व और उत्तर-पूर्वी इलाकों में एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय होने की आवाजें सुनी गईं।

कतर की अमेरिका-ईरान से तनाव खत्म की अपील

कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल थानी ने सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान बिन अब्दुल्ला अल सऊद से टेलीफोन पर बातचीत की।

कतर के विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने तनाव कम करने, क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को मजबूत करने के लिए राजनयिक प्रयासों को तेज करने तथा आपसी समन्वय बढ़ाने पर चर्चा की।

शेख मोहम्मद ने इस बात पर जोर दिया कि सभी पक्ष कूटनीति के प्रति प्रतिबद्ध रहें और अमेरिका तथा ईरान के बीच हुए समझौता ज्ञापन में सहमत प्रावधानों को लागू करें। उन्होंने कहा कि इसमें हॉर्मुज स्ट्रेट में नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना भी शामिल है, ताकि क्षेत्र की सुरक्षा बनी रहे। हाल में हुई कूटनीतिक प्रगति सुरक्षित रहे और क्षेत्रीय स्थिरता को बढ़ावा मिले।

बयान के अनुसार, शेख मोहम्मद ने कहा कि कतर तनाव कम करने और क्षेत्र में स्थायी शांति सुनिश्चित करने वाले व्यापक समझौते तक पहुंचने के सभी प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है।

अमेरिकी कांग्रेस में रक्षा मंत्री से पूछ गए तीखे सवाल

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को कांग्रेस की सुनवाई के दौरान ईरान से जुड़े सैन्य अभियान और उस पर होने वाले खर्च को लेकर विपक्ष के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा।

सुनवाई के दौरान सवाल-जवाब का सिलसिला काफी हद तक राजनीतिक दलों की लाइन पर चलता दिखाई दिया। जहां डेमोक्रेट सांसदों ने सरकार की नीति की कड़ी आलोचना की, वहीं रिपब्लिकन सांसदों ने हेगसेथ को सैन्य अभियान के पक्ष में अपनी बात रखने का अवसर दिया।

Updated on:
22 Jul 2026 07:13 am
Published on:
22 Jul 2026 06:43 am