
अमेरिकी सैनिक (Photo: X/@CENTCOM)
US-Iran Conflict: पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है। दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष के चलते वैश्विक तेल की कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है, जिसका असर दुनिया भर के देशों की अर्थव्यवस्थाओं पर पड़ रहा है। इन तमाम चुनौतियों के बीच अमेरिकी सेना ने लगातार नौवीं रात ईरान पर एयरस्ट्राइक की है। इसकी जानकारी अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दी।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, स्थानीय समयानुसार (ईस्टर्न टाइम) शाम 7:00 बजे ईरान के खिलाफ हमलों की एक नई लहर शुरू की गई, जो लगातार नौवीं रात की सैन्य कार्रवाई है। इन हमलों का उद्देश्य ईरान की उन सैन्य क्षमताओं को लगातार कमजोर करना है, जिनका इस्तेमाल वह होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक नाविकों पर हमले करने के लिए करता है।
अमेरिका की ओर से ईरान के कई इलाकों में हमले की खबरें सामने आई हैं। ईरानी मीडिया ने दक्षिणी प्रांत होरमोजगान और बुशेहर में हुए धमाकों की पुष्टि की है। उधर, ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी शहर चाबहार में भी कई धमाके हुए हैं। इन घटनाओं के बाद एहतियात के तौर पर कोनारक में एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया है।
बहरीन स्थित अमेरिकी दूतावास ने संभावित ईरानी हमलों को लेकर चेतावनी जारी की है। दूतावास ने कहा कि उसे ऐसी जानकारी मिली है, जिससे संकेत मिलता है कि ईरान राजधानी मनामा के मध्य क्षेत्र में कुछ स्थानों को निशाना बना सकता है।
दूतावास ने बहरीन में रह रहे अमेरिकी नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही, स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। दूतावास ने यह भी कहा कि यदि चेतावनी सायरन बजें या विस्फोटों की आवाज सुनाई दे, तो तुरंत सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच सोमवार को एशियाई कारोबार की शुरुआत में कच्चे तेल की कीमतों में 3% से अधिक की तेजी दर्ज की गई। होर्मुज स्ट्रेट से ऊर्जा आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका के कारण बाजार में यह उछाल देखने को मिला।
ब्रेंट क्रूड वायदा 2.75 डॉलर यानी 3.12% बढ़कर 90.85 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं, अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड वायदा 2.56 डॉलर यानी 3.10% की बढ़त के साथ 85.05 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा।
Updated on:
20 Jul 2026 07:32 am
Published on:
20 Jul 2026 07:00 am
