
Vietnam Phu Quoc Boat Accident: वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास शनिवार को एक हादसा हो गया, जिसमें 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। हादसे के समय नाव में कुल 36 लोग सवार थे, जिनमें 32 भारतीय पर्यटक, तीन क्रू मेंबर और एक अटेंडेंट शामिल थे। यह नाव होन मे रुट न्गोआई (Hon May Rut Ngoai) द्वीप से एन थोई (An Thoi) पोर्ट की ओर जा रही थी। खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण यह नाव पलट गई।
हादसे में जीवित बचे पर्यटक निर्मल कुमार ने एक मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह एक बंद स्पीडबोट थी और रवाना होने के महज तीन मिनट बाद ही तेज तूफान की चपेट में आ गई। इसके बाद नाव पलट गई।
NDTV से बात करते हुए पर्यटक ने बताया कि नाव चलने के तीन मिनट बाद ही तूफान की चपेट में आ गई और वह पलट गई। करीब 20 लोग सामने की खिड़की से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन पीछे बैठे 15 लोग अंदर ही फंस गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
निर्मल कुमार ने कहा कि इस हादसे में उनके दोस्त की भी मौत हो गई, जो कि तमिलनाडु का रहने वाला था। पर्यटक ने कहा कि उन्होंने अपने दोस्त की जान चबाने की कोशिश की थी, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया।
उन्होंने भावुक होकर कहा कि हम दोनों अच्छे दोस्त थे। मैंने उन्हें बाहर निकालने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह खिड़की तक नहीं पहुंच सके और नाव के अंदर ही फंस गए।
निर्मल ने कहा कि उनकी भारत लौटने की फ्लाइट अगले दिन थी, लेकिन इस हादसे के बाद पूरा समूह फिलहाल वियतनाम में ही रुका हुआ है।
उन्होंने कहा कि हमारी वापसी की टिकट कल की थी, लेकिन अब हम अपने दोस्त का पार्थिव शरीर भारत लेकर जाने के लिए यहीं रुकेंगे।
पर्यटक ने कहा कि स्थानीय पुलिस ने उनसे पूछताछ की है, हालांकि भारतीय दूतावास की ओर से अभी तक सीधे संपर्क नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी लोग लावा मोबाइल्स द्वारा आयोजित एक ट्रिप पर वियतनाम गए थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस यात्रा में दक्षिण भारत के करीब 110 लावा डिस्ट्रीब्यूटर और कर्मचारी शामिल थे। हादसे के बाद लावा मोबाइल्स की तरफ से भी बयान सामने आया है। एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- कंपनी के कुछ कर्मचारी और चैनल पार्टनर इस नाव में सवार थे। कंपनी ने बताया कि वह वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में है तथा प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।