अनूपपुर। नगर परिषद अमरकंटक के वार्ड क्रमांक 15 में नवनिर्मित सडक़ के निर्माण के बाद ठेकेदार के द्वारा साइड में मिट्टी फीलिंग का कार्य नहीं कराया गया है। जिसके कारण सडक़ पर पैदल चलने वाले यात्रियों के साथ वाहन लेकर आने-जाने वाले चालकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि दो महीने पूर्व इस सडक़ का निर्माण कार्य किया गया था। जिसके बाद निर्माण से जुड़े ठेकेदार और विभाग द्वारा सडक़ के दोनों तरफ मिट्टी फीलिंग का कार्य कराए जाने की सुध तक नहीं ली है। यहीं नहीं दोनों दिशाओं से कोई जीप या कार आर-पार कर आवाजाही करना चाहे तो इनमें से किसी एक वाहन को पीछे किसी सुरक्षित स्थल पर पहुंचकर सामने वाली वाहन को पासिंग देना पड़ता है। इसमें परेशानी के साथ साथ जाम की भी समस्या बनी रहती है। विदित हो कि अमरकंटक धार्मिक स्थल के साथ पर्यटन स्थल है, जिसमें पर्यटकों की अधिक संख्या में दर्शन के लिए पहुंचने के कारण वाहनों की अधिक धमाचौकड़ी बनी रहती है। जिसको देखते हुए वार्ड वासियों ने सडक़ के दोनों किनारों पर मिट्टी का भराव कराए जाने की मांग की है। विदित हो कि अमरकंटक को पर्यटन क्षेत्र में विकसित करने के लिए शासन द्वारा इसे स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिसमें करोड़ों रूपए की लागत से सीवरलाइन, सडक़, नर्मदा घाट सहित ट्रीटमेंट प्लांट जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा मंदिर क्षेत्र में भी आधुनिक संसाधनों के उपयोग कर इसे सौन्दर्यीकृत किया जा रहा है। [typography_font:18pt;” >———————————————————