अयोध्या

नई अयोध्या को देखकर सब कहेंगे वाह-वाह

-नए बदलावों का गवाह बनेगी रामनगरी अयोध्या, विकास कार्यों पर काम तेज-सी प्लेन और रामायण क्रूज पर हो रहा काम -देश की पहली सोलर सिटी बनेगी अयोध्या-वैदिक सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण शुरू-बदलाव की संभावना से रोमांचित रामनगरी

अयोध्याJan 08, 2021 / 02:38 pm

Mahendra Pratap

नई अयोध्या को देखकर सब कहेंगे वाह-वाह

महेंद्र प्रताप सिंह
पत्रिका एक्सप्लेनर

अयोध्या. नए साल में रामनगरी कई नए बदलावों का गवाह बनेगी। उप्र और केंद्र सरकार दोनों मिलकर अयोध्या के समग्र विकास के लिए कई योजनाओं पर काम कर रहे हैं। अयोध्या के इतिहास में दशकों बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब रामभक्त रामलला की आरती में शामिल हो सकेंगे। रामनगरी आने वाले पर्यटक जल्द ही सी प्लेन और लक्जरी क्रूज का आनंद ले पाएंगे। साथ ही एक ऐसे शहर को विकसित हुए देखेंगे जो सोलर एनर्जी और मार्डन टेक्नालॉजी से लैस होगा। वैदिक सिटी जहां ग्रेटर अयोध्या का रास्ता खोलेगी वहीं भव्य राममंदिर का निर्माण देश-विदेश के लोगों को यहां आकर दर्शन करने की लालसा को जगाएगा।
राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा और दान नहीं तो कैसे जुटेगा 1100 करोड़, निधि में करना होगा समर्पण

रामलला के दर्शन के लिए जारी होगा पास

नए साल में रामभक्तों को सबसे बड़ा तोहफा रामलला की आरती का मिला है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पहली बार रामलला की आरती में शामिल होने के लिए पास जारी करेगा। फिलहाल, कोरोना काल में सिर्फ 30 पास रोज जारी होंगे। यह नि:शुल्क होगा। इसे पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर जारी किया जाएगा। आरती में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालु ट्रस्ट कार्यालय में पंजीकरण करवा कर पास हासिल कर सकते हैं।
इधर-रामलला,उधर-खिदमत-ए खल्क : राममंदिर का निर्माण With Mahendra Pratap Singh (Episode-18)

प्रधानमंत्री कर सकते हैं क्रूज की लांचिग

इस साल अयोध्यावासियों और पर्यटकों को एक और सौगात मिलेगी। वह है लग्जरी रामायण क्रूज। घाघरा-गंगा संगम स्थल से राष्ट्रीय जलमार्ग-40 होते हुए इनलैंड वाटर वेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम नए साल पर सरयू नदी के गुप्तार घाट पहुंची। क्रूज का संचालन करने वाली नार्डिक क्रूज लाइन प्राइवेट लिमिटेड की टीम इन दिनों क्रूज को उतारने के लिए सरयू नदी का तलस्पर्शी तकनीकी सर्वे कर रही है। गुप्तारघाट से अयोध्या तक लगभग 10 किलोमीटर लंबे जलमार्ग पर यह क्रूज चलेगी। लग्जरी रामायण क्रूज को इस साल दिव्य दीपोत्सव से पहले सरयू में उतारने की तैयारी है। क्रूज का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं।
अयोध्या के लिए शुरु होगी सी प्लेन सेवा

नए साल में बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार ने अयोध्यावासियों के लिए एक और सौगात की घोषणा की। वह है रामनगरी के लिए सी प्लेन सेवा की शुरुआत। यह सी प्लेन सेवा ठीक उसी तरह होगी जैसे केवडिय़ा से अहमदाबाद में साबरमती के बीच उपलब्ध है। सागरमाला डेवलमेंट कंपनी लिमिटेड यह सेवा शुरू करना चाहती है।
देश की पहली सोलर सिटी

अयोध्या देश की पहली सोलर सिटी के रूप में विकसित होगी। पारंपरिक जल विद्युत की जगह पूरा शहर सौर विद्युत से दमकेगा। न केवल घरेलू, बल्कि व्यावसायिक और औद्योगिक उपयोग के लिए भी सौर ऊर्जा उपलब्ध होगी। इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू गया है। सौर ऊर्जा विभाग सर्वे कर रहा है कि अयोध्या नगर निगम क्षेत्र की जरूरतें कितनी हैं। सोलर सिटी के रूप में अयोध्या को दुनिया के सामने इको फ्रेंडली नगरी की मिसाल की तरह पेश किया जाएगा।
रिंग रोड से खुलेगा ग्रेटर अयोध्या का रास्ता

ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर रामनगरी में 81 किमी की परिधि में रिंग रोड बनाकर हजारों एकड़ में नया शहर बसाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। ग्रेटर अयोध्या में ही 251 मीटर श्रीराम की सबसे ऊंची मूर्ति लगेगी। 1200 एकड़ में वैदिक सिटी बसेगी। अयोध्या विकास प्राधिकरण ने योजना बनायी है कि जहां-जहां रिंग रोड लखनऊ, रायबरेली, प्रयागराज, आजमगढ़, गोरखपुर और गोंडा हाइवे को काटेगा वहां-वहां भव्य चौराहा बनाने के साथ आधुनिक सुविधाओं वाले बाजार भी विकसित होंगे। इसी के साथ हाई स्पीड ट्रेन का एक कॉरिडोर लखनऊ-अयोध्या होते हुए वाराणसी तक जाएगा।
राम के बहाने अंतरराष्ट्रीय संबंध मजबूत करने की पहल

कोरिया के राजा सूरो तथा अयोध्या की राजकुमारी हो की याद में रामनगरी में सरयू तट पर बन रहे भव्य कोरियाई स्मारक का इसी साल उद्घाटन होगा। विशुद्ध कोरियाई शैली में बन रहे इस मंडप के नीचे भगवान बुद्ध विराजेंगे। साथ ही किंग सूरो तथा क्वीन हो की प्रार्थना करती प्रतिमाएं भी होंगी। कोरियाई टीक और चीड़ की लकड़ी से बन रहे इस मंडप की आयु सौ साल होगी। इस तरह का खूबसूरत कोरियाई स्मारक भारत में सिर्फ अयोध्या में ही है।

Home / Ayodhya / नई अयोध्या को देखकर सब कहेंगे वाह-वाह

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.