scriptदुकान में घुसकर बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, दो को लगी गोली, हालत गंभीर | Two Injured by Criminal firing in Sweet shop | Patrika News
आजमगढ़

दुकान में घुसकर बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, दो को लगी गोली, हालत गंभीर

वर्ष 2018 में इसी तरह कारोबारी के भाई की हुई थी हत्या

आजमगढ़May 06, 2019 / 12:28 pm

sarveshwari Mishra

Sri Ganganagar

Firing

आजमगढ़. अहरौला थाना क्षेत्र के चांदनी चौक स्थित मिठाई की दुकान पर सोमवार की सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग कर बाइक सवार बदमाशों ने क्षेत्र में दहशत फैला दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली लगने से दो कर्मचारी गंभीररूप से घायल हो गये। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

चांदनी चौक पर नगेंद्र मोदनवाल की मिठाई की दुकान है। सोमवार सुबह 7:30 बजे दो कर्मचारी दुकान खोलने के बाद भट्ठी जला रहे थे उसी दौरान बाइक से तीन बदमाश पहुंचे और पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। जब तक लोग कुछ समझ पाते बदमाश फरार हो गए। थाने से तीन सौ मीटर की दूरी पर हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गयी। फायरिंग की आवाज सुन थानाध्यक्ष फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया।

थोड़ी देर में सीओ बूढ़नपुर रामजन्म भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घायलों में नंदू सोनी (50) पुत्र जिया लाल निवासी बंदीपुर, अंबेडकरनगर और आकाश मौर्य (18) पुत्र बृजलाल निवासी सिपाह, अहरौला के रहने वाले हैं।

बता दें कि नगेंद्र मोदनवाल के भाई जितेंद्र मोदनवाल की 11 अगस्त 2018 को पास के ही मतलूपुर स्थित दुकान पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या को इसी तरीके से इसी समय अंजाम दिया गया था। इस गोलीबारी को भी उसी हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है। जितेंद्र हत्याकांड की साजिश जेल में रची गई थी। पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया था। चर्चा है कि हत्याकांड में शामिल कुछ लोग हाल ही में जेल से छूटे हैं। बताया जा रहा है कि बदमाशों के निशाने पर नगेंद्र मोदनवाल थे, लेकिन मौके पर नहीं होने से वो बच गए। बदमाश गोली मारने के बाद अतरौलिया की ओर फरार हो गए।
घटना से कारोबारियों में भारी आक्रोश दिख रहा है। लोग इसे पुलिस की लापरवाही मान रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में हुई हत्या के मामले में कोई गवाही न करे इसलिए कारोबारी पर दबाव बनाया जा रहा था। जब लोग नहीं माने तो बदमाशों ने यह रास्ता अपनाया है। सीओ बूढ़नपुर रामजन्म ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।

BY-Ranvijay Singh

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो