नरेश टिकैत ने दिया बयान किसान आंदोलन को लेकर भाजपा के खिलाफ बिगुल बजाने वाले भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने दिल की बात मीडिया के सामने रखकर 2019 के चुनाव में अपने रुख को स्पष्ट कर दिया है। मीडिया द्वारा गठबंधन के फायदे के सवाल पर उनका कहना है सपा किसान हितैषी है। सपा-बसपा गठबंधन जरूर काम करेगा। जो किसान भाजपा से नाराज हैं, वे सपा गठबंधन को अपनाएंगे। सपा ने किसानों को 40 रुपये गन्ने का दाम बढ़ाकर उनको फायदा पहुंचाया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी भाजपा किसानों को 14 दिन में भुगतान नहीं दे पा रही है।
सपा की खुलकर तारीफ की उन्होंने गठबंधन की तारीफ की और कहा कि आने वाले समय का क्या हिसाब रहे, ये तो आने वाला समय बताएगा लेकिन गठबंधन बहुत अच्छा हुआ है। नरेश टिकैत द्वारा खुलकर मीडिया के सामने सपा की तारीफ करने से लोकसभा चुनाव में उनका रुख साफ होता दिख रहा है। इससे कयास लगाये जा रहे हैं कि भारतीय किसान यूनियन भाजपा का विरोध कर खुलकर सपा-बसपा गठबंधन के साथ आ सकती है। बता दें कि नरेश टिकैत बागपत के सिंघावली अहीर क्षेत्र में एक शिक्षण संस्थान में कंबल वितरण कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात की और सपा-बसपा गठबंधन की सफलता पर पूछे गये सवाल पर सपा की तारीफ की है।