scriptसमर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी शुरू, बैठक हुई, प्रबंधकों को ट्रेनिंग भी दी | Preparation for buying paddy on support price | Patrika News
बालोद

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी शुरू, बैठक हुई, प्रबंधकों को ट्रेनिंग भी दी

बालोद जिले के 138 धान खरीदी केंद्रों में एक नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। महज 21 दिन शेष है। इसे देखते हुए खरीदी की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को खाद्य अधिकारी, नोडल अधिकारी एवं डीएमओ ने खरीदी प्रभारियों की बैठक ली। वहीं जिला पंचायत के सभाकक्ष में प्रबंधकों को धान खरीदी पर ट्रेनिंग भी दी गई।

बालोदOct 07, 2022 / 08:45 pm

Chandra Kishor Deshmukh

एक नवंबर से खरीदी : चेक लिस्ट, सॉफ्टवेयर अपडेट करने के निर्देश, 14 से निरीक्षण

धान खरीदी केंद्र की सफाई कराई जा रही है।

बालोद. जिले के 138 धान खरीदी केंद्रों में एक नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। महज 21 दिन शेष है। इसे देखते हुए खरीदी की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को खाद्य अधिकारी, नोडल अधिकारी एवं डीएमओ ने खरीदी प्रभारियों की बैठक ली। वहीं जिला पंचायत के सभाकक्ष में प्रबंधकों को धान खरीदी पर ट्रेनिंग भी दी गई। समय पर धान खरीदी केंद्रों की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। जिला खाद अधिकारी एचएल बंजारे ने धान खरीदी के लिए चेक लिस्ट, सॉफ्टवेयर अपडेट करने के निर्देश दिए। 14 अक्टूबर से तैयारी का निरीक्षण किया जाएगा।

धान खरीदी केंद्रों में सफाई शुरू, बारदाने भी पहुंच रहे
धान खरीदी के लिए सभी खरीदी केंद्रों में साफ -सफाई शुरू हो गई है। मजदूरों के माध्यम से खरीदी केंद्रों में उग आए खरपतवारों की साफ -सफाई कराई जा रही है। दो सप्ताह के भीतर ही साफ -सफाई कर लेने का दावा नोडल अधिकारी ने किया है।

सात गांव ने की धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग
जिले के सात गांव के किसानों ने धान खरीदी केंद्र की दूरी अधिक होने की वजह से अपने ही गांव में खरीदी केंद्र खोलने की मांग की है। ताकि किसानों को धान बेचने में आसानी हो। इसमें ग्राम संबलपुर, भूलनडबरी, मनकी, सोहपुर, टिकरी, साजा, टेकापार शामिल है। टेकापार के किसानों का कहना है कि वे वर्तमान में पोंडी में धान बेचते हैं। टेकापार से पोंडी की दूरी लगभग 5 किमी है। किसानों का कहना है कि गांव में ही खरीदी केंद्र खुल जाए तो किसानों को धान बेचने अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

122 सेवा सहकारी समितियों में होगी खरीदी
जिला खाद्य अधिकारी एचएल बंजारे ने बताया कि बीते साल जिले की 122 सेवा सहकारी समितियों के 138 केंद्रों में धान की खरीदी की गई थी। इस बार भी लगभग इतने ही केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जाएगी। खरीदी शुरू होने से पहले पूरी तैयारी करने का दावा विभाग व अधिकारी कर रहे हैं।

31 अक्टूबर तक किसान करा सकते हैं पंजीयन
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी कुसुम ठाकुर ने बताया कि इस साल अभी तक 5700 नए किसानों ने पंजीयन कराया है। अभी पंजीयन 31 अक्टूबर तक जारी रहेगा, जिन किसानों ने पंजीयन नहीं कराया है, वे अंतिम तिथि तक पंजीयन करा सकते हैं।

64 लाख 60 हजार बारदाने का हुआ भंडारण
इस सत्र में भी 50 लाख क्विंटल से अधिक धान खरीदी करने का लक्ष्य मिलने का अनुमान है। प्रशासन व विभाग भी इसकी तैयारी कर रहा है। खरीदी सीजन में 1 करोड़ 35 लाख बारदाने की जरूरत है। अभी तक लगभग 64 लाख 60 हजार नए बारदाना शासन से जिले को उपलब्ध करा दिए गए हैं, जिसे गोदामों में रखा गया है। इसी तरह 15 लाख बारदाना पीडीएस राशन दुकानों से मंगाया गया है। शेष बारदाना मिलर्स लाएंगे।

धान खरीदी की तैयारी चल रही है
बालोद जिला खाद्य अधिकारी एचएल बंजारे ने बताया कि धान खरीदी की तैयारी चल रही है। शुक्रवार को जिला स्तर पर भी जिले के विभिन्न केंद्र प्रभारियों व प्रबंधकों की बैठक ली। विभिन्न दिशा निर्देश दिए गए। खरीदी से पूर्व पूरी तैयारी रखने निर्देशित किया गया है।

Home / Balod / समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी शुरू, बैठक हुई, प्रबंधकों को ट्रेनिंग भी दी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो