scriptहड़ताल चौथे दिन जारी: सबसे अधिक असर स्कूलों पर, पढ़ाई चौपट, अधिकारी-कर्मचारी को समय पर नहीं मिलेगा वेतन | Strike continues for fourth day | Patrika News
बालोद

हड़ताल चौथे दिन जारी: सबसे अधिक असर स्कूलों पर, पढ़ाई चौपट, अधिकारी-कर्मचारी को समय पर नहीं मिलेगा वेतन

छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन ने 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता और गृह भाड़ा भत्ता दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन चौथे दिन भी जारी रहा। इससे जिले के 50 से अधिक विभाग में कार्य ठप है। वहीं 1300 से अधिक सरकारी स्कूलों में पढ़ाई पूरी तरह चौपट है।

बालोदJul 28, 2022 / 11:31 pm

Chandra Kishor Deshmukh

आज पता चलेगा कि हड़ताल समाप्त होगी या आगे बढ़ेगी

शिक्षकों की हड़ताल के कारण बच्चों की पढ़ाई पर अधिक असर पड़ रहा है।

बालोद. छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन ने 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता और गृह भाड़ा भत्ता दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन चौथे दिन भी जारी रहा। इससे जिले के 50 से अधिक विभाग में कार्य ठप है। वहीं 1300 से अधिक सरकारी स्कूलों में पढ़ाई पूरी तरह चौपट है। स्कूलों में ताले लगे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि आने वाले माह में अधिकारी कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पाएगा। इसकी मुख्य वजह है कि जिनके ऊपर वेतन वितरण की जिम्मेदारी है, वे हड़ताल पर हैं। कोषालय में भी ताला लगा है।

हड़ताल का सबसे ज्यादा असर शिक्षा विभाग पर
हड़ताल का सबसे ज्यादा असर शिक्षा विभाग पर पड़ा हैं, क्योंकि हड़ताल में सबसे अधिक शिक्षक हैं। यह स्थिति शुक्रवार को भी रहेगी। अधिकारी -कर्मचारी फेडरेशन 25 से 29 जुलाई तक हड़ताल पर है। फेडरेशन के जिला संयोजक मधुकांत यदु ने बताया कि 29 जुलाई तक मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन आगे बढ़ भी सकता हैं। इसका निर्णय प्रदेश स्तरीय संगठन लेगा।

किस विभाग में किस तरह से पड़ रहा हड़ताल का असर
राजस्व विभाग विभाग : प्रकरणों की सुनवाई हो गई बंद
जिलेभर के राजस्व अधिकारी भी इस फेडरेशन के तहत हड़ताल पर हैं। ऐसे में राजस्व न्यायालय में रोजाना विभिन्न प्रकरणों पर सुनवाई होती थी, वह रुक गई। जिलेभर में प्रतिदिन राजस्व न्यायलय में 100 से अधिक मामलों पर सुनावाई हो रही थी, जो रुक गई है। वहीं अन्य कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। लोग अपने विभागीय कार्य से तहसील व एसडीएम कार्यालय आते हैं, लेकिन निराश होकर लौटते हैं।

शिक्षा विभाग: 13 सौ से अधिक स्कूलों में ताला
जिले के शिक्षा विभाग के अंतर्गत 7 हजार से अधिक अधिकारी कर्मचारी हैं। जिले में लगभग 1300 सरकारी स्कूल हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर होने के कारण स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही हैं। विभाग के हर शाखा में कामकाज भी ठप है। लिगभग सभी स्कूलों में ताला लटका है।

उप पंजीयक कार्यालय: जमीन रजिस्ट्री का काम भी बंद
जिला मुख्यालय स्थित उप पंजीयक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी भी हड़ताल में हैं। ऐसे में जमीन मकान की रजिस्ट्री भी बंद है। उपपंजीयक कर्यालय जमीन, मकान रजिस्ट्री कराने लोग जरूर आते हैं। उनका काम नहीं हो रहा है। अभी कुछ और दिन यही हालात रहेंगे।

कई शिविर व प्रशिक्षण कार्यक्रम भी स्थगित
इस हड़ताल का असर विभिन्न शिविरों व प्रशिक्षण कार्यक्रम पर भी देखने को मिला। शिविर स्थगित करना पड़ा। वहीं कलेक्टर के सोमवार से शुक्रवार तक आम जनता की समस्याओं पर चर्चा के आयोजन पर भी असर पड़ा हैं। इसी तरह स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग के कार्यों में भी हड़ताल का असर दिखा। कार्यालयों में शिकायतों व विभिन्न मामलों की फाइलें बढ़ रही हैं।

आंदोलन बढ़ेगा या स्थगित, आज होगा फैसला
जिले में हड़ताल का शुक्रवार को अंतिम दिन है। शुक्रवार को ही पता चलेगा हड़ताल समाप्त होगी या आगे बढ़ेगी। कुछ भी हो, लेकिन हड़ताल का असर देखने को मिल रहा है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो