उसके कान से खून निकल रहा था। मासूम की लाश देख माता-पिता का कलेजा फट गया। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। फिलहाल तालाब में डूबने से उसकी मौत की संभावना जताई जा रही है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर चौकी अंतर्गत ग्राम सरना निवासी महिपत केंवट का 10 वर्षीय पुत्र विवेक सोमवार की सुबह करीब 8 बजे अपने दोस्त देवीदयाल के साथ घर से निकला था। रास्ते में ही गांव के अन्य 2-3 लड़के मिल गए। इसके बाद सभी गांव के ही तालाब में नहाने चले गए। शाम तक जब वह नहीं लौटा तो परिजन उसे खोजने निकले। जब वे तालाब के पास गए तो बेशरम की झाडिय़ों में उसके कपड़े मिले।
इससे उन्हें किसी अनहोनी की आशंका होने लगी। रात होने के कारण वे उसे नहीं ढूंढ पाए और घर लौट गए। सुबह जब परिजन पहुंचे तो बालक का शव तालाब में मिला। उसके कान से खून निकल रहा था।
इसकी सूचना उन्होंने रघुनाथनगर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा पश्चात शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया। प्रथमदृष्ट्या बालक की डूबने से मौत की संभावना जताई जा रही है। आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार है।