बलरामपुर. यूपी में महिलाओं के साथ हो रही आपराधिक घटनाओं के खिलाफ योगी सरकार ने सख्त रवैया अपनाया है। हाथरस के बाद बलरामपुर गैंगरेप मामले में परिवार से अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी व एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने मुलाकात की व उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है। अवनीश अवस्थी के साथ पहले यूपी डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी बलरामपुर जाने वाले थे, लेकिन आखिरी वक्त पर उनका जाने का कार्यक्रम रद्द हो गया। अपर मुख्य सचिव गृह, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के अतिरिक्त डीआइजी डॉ. राकेश कुमार, डीएम कृष्णा करुणेश व एसपी देवरंजन वर्मा बलरामपुर में पीड़ित परिवार से मिले जहां उन्होंने करीब 20 मिनट तक घटना से जुड़ी जानकारी ली। परिवारीजन से बात कर दुष्कर्म पीड़िता से हुई दरिंदगी की दास्तां सुनी व उसे न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।