scriptचामराजपेट मैदान राजस्व विभाग की संपत्ति | Chamrajpet Maidan property of revenue department | Patrika News
बैंगलोर

चामराजपेट मैदान राजस्व विभाग की संपत्ति

वक्फ बोर्ड का स्वामित्व का दावा खारिज

बैंगलोरAug 08, 2022 / 09:11 am

Nikhil Kumar

चामराजपेट मैदान राजस्व विभाग की संपत्ति

चामराजपेट मैदान राजस्व विभाग की संपत्ति

बेंगलूरु. बृहद बेंगलूरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) के राजस्व विभाग ने सभी दस्तावेजों के अध्ययन के पश्चात चामराजपेट स्थित ईदगाह मैदान को राजस्व विभाग की संपत्ति घोषित किया है।

बीबीएमपी के मुख्य आयुक्त तुषार गिरिनाथ के निर्देश पर स्थानीय वक्फ बोर्ड को मैदान पर अपना स्वामित्व साबित करने के लिए 3 अगस्त तक का समय दिया गया था। लेकिन, बोर्ड निर्धारित अवधि में कोई दस्तावेज पेश करने में विफल रहने के कारण बीबीएमपी ने मैदान राजस्व विभाग की संपत्ति घोषित कर दिया।

इस घोषणा का चामराजपेट के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया है। सुबह मैदान में इक_े हुए विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां वितरित कर खुशियां मनाई।

सामाजिक संगठन कर सकेंगे उपयोग
इस मसले को लेकर कई वर्षों से संघर्ष कर रहे रुक्मांगदा ने कहा कि चामराजपेट के निवासियों की यह बहुप्रतिक्षित मांग पूरी करने वाली बीबीएमपी बधाई की पात्र है। अब यह मैदान सभी सामाजिक संगठनों के लिए लिए उपलब्ध होगा। इस मैदान में 15 अगस्त को तिरंगा फहराया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि हाल में इस मांग को लेकर चामराजपेट बंद का ऐलान किया गया था। बीबीएमपी के मुख्य आयुक्त तुषार गिरिनाथ के विभिन्न बयानों के कारण से यह मामला सुर्खियों में था। अब वक्फ बोर्ड ने इस मामले में कानूनी लड़ाई जारी रखने की बात कही है।

 

तीन गिरफ्तार, 25 बाइक जब्त
बेंगलूरु. कृष्णराज पुरम और ज्ञान भारती पुलिस ने अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 25 मोटरसाइकिलें बरामद की।

केआर पुरम पुलिस ने एक बाइक चुराने वाले युवक को गिरफ्तार कर चोरी की 19 बाइक बरामद की हैं। देवसंद्र जेसी लेआउट निवासी शोएब खान (21) के पास पुलिस को मिली 19 बाइकों की कीमत करीब 9 लाख रुपए बताई गई है।

उसके खिलाफ केआरपुरम, बैयप्पनहल्ली, राममूर्तिनगर, वाइटफील्ड, हेण्णूर, महादेवपुर, आवलहल्ली तथा चिंतामणि थानों में वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
उधर, ज्ञानभारती पुलिस ने दो बाइक चोरों को गिरफ्तार कर करीब 6 लाख रुपए की छह बाइक बरामद कीं। चिकबल्लापुर जिले के तहसील मुख्यालय बागेपल्ली निवासी प्रसन्न कुमार (26) तथा उत्तरहल्ली निवासी के भरत (20) को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ मागड़ी, बंडेपाल्या, कोडगेहल्ली तथा बिड़दी थानों में बाइक चोरी के 5 मामले दर्ज हैं।

बरामद वाहनों की नीलामी आज
बेंगलूरु. मारतहल्ली थानांतर्गत विभिन्न क्षेत्रों से बरामद हुई लावारिस 18 बाइक की सोमवार को नीलामी की जाएगी। कई बार सूचित किए जाने के बावजूद कोई भी व्यक्ति आवश्यक दस्तावेजों के साथ वाहनों की दावेदारी के लिए नहीं आने के कारण से इन वाहनों की नियमों के तहत सार्वजनिक नीलामी की जा रही है। आम लोग बोलियां लगा कर इन वाहनों को खरीद सकते हैं।

Home / Bangalore / चामराजपेट मैदान राजस्व विभाग की संपत्ति

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो