scriptयेड्डि का शपथ ग्रहण समारोह: उमड़ा सैलाब, हर ओर दिखे भाजपा के झंडे | Yeddy's swearing-in ceremony | Patrika News
बैंगलोर

येड्डि का शपथ ग्रहण समारोह: उमड़ा सैलाब, हर ओर दिखे भाजपा के झंडे

राजभवन में गुरुवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह केवल पंद्रह मिनट में खत्म हो गया।

बैंगलोरMay 18, 2018 / 04:59 am

शंकर शर्मा

bjp

बेंगलूरु. राजभवन में गुरुवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह केवल पंद्रह मिनट में खत्म हो गया। शपथ लेने के बाद कार्यकर्ताओं ने बीएस येड्डियुरप्पा को फूल मालाओं से लाद दिया। येड्डियुरप्पा ने उत्सवी माहौल में शपथ ली और रवाना हो गए। सुबह साढ़े सात बजे से ही कार्यकर्ता राजभवन पहुंचने लगे।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने आनंद राव सर्कल से महारानी कॉलेज तक सडक़ के दोनों और पार्टी के ध्वज लगा रखे थे। सुबह करीब पौने नौ बजे येड्डियुरप्पा कारों के काफिले के साथ राजभवन पहुंचे। उनके वहां पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, जय श्रीराम, वंदे मातरम के नारे लगाए। इसके बाद कारों का काफिला राजभवन में चला गया। इस अवसर पर राजभवन व आसपास इलाकों में उत्सवी माहौल नजर आया। यहां पुरुष व महिला कार्यकर्ता डोल्लु कुणीता की थाप पर नृत्य करते नजर आए। कार्यकर्ताओं चेहरे पर एक अलग उत्साह था।


मुख्य मार्ग पर लगा लम्बा जाम
शपथ ग्रहण के चलते मुख्य मार्ग पर लम्बा जाम लग गया। शपथ ग्रहण खत्म होने के बाद पुलिस यातायात संभालने में जुटी रही। पुलिस ने क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया। यहां पुलिस के उच्चाधिकारी सहित काफी संख्या में पुलिस के जवान व्यवस्था संभाले हुए थे। इसके अलावा चप्पे-चप्पे पर पुलिस के गुप्तचर भी हर गतिविधि पर नजर रखे हुए थे।

चरखा लेकर पहुंचे ‘महात्मा गांधी’
शपथ ग्रहण समारोह में एक मूक व्यक्ति महात्मा गांधी के रूप में चरखा लेकर राजभवन पहुंचा। यह लोगों के आकर्षण का केन्द्र भी रहा। अनेक भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व येड्डियुरप्पा के कटआउट लेकर ्रपहुंचे थे। राजभवन के बाहर राम-लक्ष्मण हनुमान का रूप धरे कलाकार भी दिखे। कलाकारों ने तलवारों से युद्ध का मंचन भी किया। वे लोगों के आकर्षण का केंद्र तो रहे लेकिन राजभवन के अंदर प्रवेश नहीं पा सके।

मंत्रियों पर मेहरबान रहा बेंगलूरु
बेंगलूरु. एक ओर कांग्रेस सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल रहे आधे उम्मीदववार अपनी सीट बचाने में असफल रहे, वहीं बेंगलूरु शहर से लडऩे वाले सभी छहों को जीत मिली। बेंगलूरु शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से केजे जार्ज, रामलिंगा रेड्डी, रोशन बेग, कृष्णा बैरेगौड़ा, एम कृष्णप्पा तथा पूर्व मंत्री दिनेश गुंडूराव विजयी रहे। इनमें से जार्ज को छोडक़र सभी की जीत का अंतर २०१३ के विधानसभा चुनावों की अपेक्षा कम हो गया।

Home / Bangalore / येड्डि का शपथ ग्रहण समारोह: उमड़ा सैलाब, हर ओर दिखे भाजपा के झंडे

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो