scriptअत्याचार के बीच निष्पक्षता का भाव कायरता का प्रतीक: इंद्रेश | Banswara news | Patrika News
बांसवाड़ा

अत्याचार के बीच निष्पक्षता का भाव कायरता का प्रतीक: इंद्रेश

बांसवाड़ा. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा है कि पुरातन सभ्यता और संस्कृति वाले भारत देश को कोई मिटा नहीं सकता है। सत्य को अनुभव करने की शक्ति हमारे भीतर है। अत्याचार के बीच निष्पक्षता का भाव रखना कायरता का प्रतीक होता है। अफगानिस्तान से लेकर म्यांमार तक सभी का डीएनए समान है। हमें अखंड और श्रेष्ठ भारत के निर्माण का संकल्प लेना है, ताकि समूचे विश्व को मानवता के रास्ते पर ले जाएं।

बांसवाड़ाJul 03, 2022 / 05:22 pm

mradul Kumar purohit

इंद्रेश कुमार

,

इंद्रेश कुमार ने यह विचार हरिदेव जोशी रंगमंच सभागार में शनिवार को संघ की ओर से आयोजित प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि हम सांस्कृतिक जीवन मूल्यों को भूले तो हमें दासता और प्रताड़ना मिली। प्रतिकूल हालात में घबराना नहीं चाहिए। मुस्कराहट स्वागत करती है और चुप्पी सुरक्षा कवच का प्रतिरूप होती है।
न्यायालय स्वयं संज्ञान ले

उदयपुर में कन्हैयालाल हत्याकांड पर निंदा प्रस्ताव पारित कराते हुए इंद्रेश कुमार ने कहा कि इस अमानवीय प्रकरण में न्यायालय स्वयं संज्ञान ले। उन्होंने कहा कि हम समस्याओं के समाधान के विशेषज्ञ हैं। देश ऐेसे मोड़ से गुजर रहा है, जिसमें आने वाले कल में कई प्रश्नों के उत्तर देने हैं। कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी आजादी के आंदोलन में नेताजी सुभाष और सरदार पटेल को अपना लेफि्टनेंट चुनते तो देश का विभाजन नहीं होता। हमने आजादी की बड़ी कीमत चुकाई।
विकास की असीम संभावनाएं

सम्मेलन के मुख्य अतिथि माही परमाणु बिजली परियोजना के मुख्य निर्माण अभियंता एसके वर्मा ने कहा कि जिले में विकास की असीम संभावनाएं हैं। प्राकृतिक स्रोतों का हम दोहन कर चुके हैं। बांसवाड़ा में 50 हजार करोड़ की लागत का 2800 मेगावाट का यह प्रोजेक्ट आगामी कई सालों तक ग्रीन एनर्जी का स्रोत बना रहेगा। आरंभ में अतिथियों का सम्मान किया गया। खचाखच भरे सभागार में सम्मेलन की भूमिका जयंतीलाल भट्ट ने रखी। काव्य गीत कमल पाठक ने प्रस्तुत किया। अतिथि परिचय धनंजय पाठक ने दिया। नगर संघ चालक कमलाकांत सेठ भी मंचासीन रहे। आभार जिला संघ चालक रामचंद्र बरोड़ शास्त्री ने व्यक्त किया। संचालन ललित दवे ने किया।

Home / Banswara / अत्याचार के बीच निष्पक्षता का भाव कायरता का प्रतीक: इंद्रेश

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो