scriptघर की दीवार गिरी, दबने से मासूम की मौत,कलक्टर-एसपी ने मौके पर पहुंच कर ली जानकारी | Patrika News
बांसवाड़ा

घर की दीवार गिरी, दबने से मासूम की मौत,कलक्टर-एसपी ने मौके पर पहुंच कर ली जानकारी

गढ़ी थाना क्षेत्र नई आबादी चौपासाग में मंगलवार देर रात एक कवेलूपोश घर की दीवार अचानक गिर गई। हादसे में एक पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। जबकि, गंभीर रूप से घायल मां को उदयपुर रेफर किया गया।

बांसवाड़ाMay 22, 2024 / 06:45 pm

Kamlesh Sharma

बांसवाड़ा/परतापुर। गढ़ी थाना क्षेत्र नई आबादी चौपासाग में मंगलवार देर रात एक कवेलूपोश घर की दीवार अचानक गिर गई। हादसे में एक पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। जबकि, गंभीर रूप से घायल मां को उदयपुर रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार नई आबादी चौपासाग निवासी नारायण भगोरा पत्नी रोशनी और पांच वर्षीय छोटे बेटे लव के साथ मंगलवार रात घर में सोया था। इस दौरान रात एक बजे घर की एक दीवार अचानक गिर गई। मलबे में तीनों दब गए। वहीं घर आंगन में सो रहे नारायण के पिता पौजा, मां मणि और नारायण का बड़ा पुत्र कुश जाग गए और मदद के लिए अवाज लगाई। मलबे में दबे तीनों घायलों को निकाल परतापुर सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्सकों ने बच्चे लव को मृत घोषित कर दिया। जबकि, नारायण की पत्नी रोशनी को प्राथमिक उपचार के बाद बांसवाड़ा और वहां से उदयपुर रेफर किया गया। रोशनी का एमबी चिकित्सालय उदयपुर में उपचार जारी है। वहीं नारायण को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

कलक्टर ने दिए निर्देश

बुधवार दोपहर जिला कलक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव और एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने मुआयना किया। साथ ही तहसीलदार भगवतीलाल जैन को पीड़ित परिवार को सहायता के लिए दस्तावेज तैयार कर तत्काल भेजने और डिप्टी सुदर्शन पालीवाल एवं सीआई विक्रम सिंह को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एएसआई जयपाल सिंह ने बताया कि मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता नारायण की रिपोर्ट प्रकरण दर्ज किया है।

आर्थिक स्थिति खराब

इधर, सरपंच पुष्पा हरिलाल मकवाना ने बताया कि नारायण बीपीएल परिवार का सदस्य है। वह मजदूरी और थोड़ी कृषि कर परिवार का पालन करता है। उसकी आर्थिक स्थिति खराब है।

Hindi News/ Banswara / घर की दीवार गिरी, दबने से मासूम की मौत,कलक्टर-एसपी ने मौके पर पहुंच कर ली जानकारी

ट्रेंडिंग वीडियो