scriptcoronavirus : मजदूर बिना कैसे चलेगी मंडी, साधनों का अभाव | Corona impact on market | Patrika News
बस्सी

coronavirus : मजदूर बिना कैसे चलेगी मंडी, साधनों का अभाव

न खरीददार आए और ना चल रही फैक्ट्रियां

बस्सीMar 30, 2020 / 09:41 pm

vinod sharma

coronavirus : मजदूर बिना कैसे चलेगी मंडी, साधनों का अभाव

coronavirus : मजदूर बिना कैसे चलेगी मंडी, साधनों का अभाव

बस्सी (जयपुर). सरकार के आदेश के बावजूद कस्बे की कृषि उपज मंडी रविवार को भी चालू नहीं हुई। इससे किसान अपनी जिंसों को मंडी तक नहीं ला सके। इससे मंडी परिसर सूना नजर आया। वहीं व्यापारी भी मंडी बंद कर घर बैठे हैं। मंडी में न तो खरीददार आ रहे हैं और ना ही बेचने के लिए किसान। दूसरी ओर मंडी व्यापारियों को राजस्थान व्यापार मंडल की ओर से मंडी खोलने का आदेश नहीं आया है। वे मंडल के आदेश के बिना मंडी नहीं खोलने की बात कह रहे हैं। ऐसे में सरकार के आदेश की पालना नहीं हो पा रही है। व्यापारियों ने बताया कि मंडल की ओर से आदेश आएगा तब ही मंडी खोली जाएगी।
अभी तो लेबर भी नहीं…
मंडी व्यापारी विष्णु डंगायच ने बताया कि मंडी को खोलने पर कई समस्याएं होंगी। मंडी की लेबर अपने अपने गांव जा चुकी हैं। अब बुलाने पर भी नहीं आ रहे हैं। मंडी खोलने पर माल आ भी जाता है तो बिना लेबर काम कैसे होगा। दो दिन पहले आटे की फैक्ट्री चालू करने के लिए अलवर से लेबर को बुलाया था। वहां से आने पर पुलिस ने पकड़ लिया और घर जाने के लिए कह दिया। ऐसे में फिर से फैक्ट्री को बंद करना पड़ा। इसी तरह मंडी में भी पलदार नहीं हैं। पलदार भी बुलाने पर नहीं आ रहे है।
नहीं चल रहे वाहन…
व्यापार करने के लिए साधनों का चलना जरूरी है। साधन चलेंगे तो ही माल इधर-उधर पहुंच पाएगा। व्यापारी ने बताया कि माल खरीदकर रखे कहा। क्योंकि फैक्ट्रियां बंद है ऐसे में माल बिकेगा तो ही पैसा आएगा। मंडी चलाने के लिए पूरा चेन सिस्टम शुरू होगा तभी काम होगा।
तो होगा उल्लंघन…
कई लोगों ने दबी जुबान से बताया कि यदि मंडी चलती है तो किसान जिंसों को लेकर एक साथ मंडी पहुंचेंगे। लोग एकत्रित होंगे तो धारा 144 का उल्लंघन होने के साथ कोरोना से बचाव के सरकार के प्रयास भी रंग नहीं ला पाएगा। लॉकडाउन की पालना नहीं हो पाएगी। ऐसे में यदि किसी के संक्रमण हो गया तो क्षेत्र वायरस ग्रसित हो जाएगा।
इनका कहना है…
मामला पूरे राज्य का है। कोई भी मंडी खुली हुई नहीं है। अनाज मंडियों पर निर्णय नहीं हुआ है।
-बाबूलाल मीणा, सचिव, कृषि उपज मंडी, बस्सी

राजस्थान व्यापार मंडल से आदेश आने पर मंडी खोली जाएगी। अभी लेबर भी नहीं है। बिना लेबर के काम नहीं हो सकता। बुलाने पर भी नहीं आ रही।
-दामोदर प्रसाद डंगायच, अध्यक्ष, थोक व्यापार मंडल कृषि उपज मण्डी बस्सी

Home / Bassi / coronavirus : मजदूर बिना कैसे चलेगी मंडी, साधनों का अभाव

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो