4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बेटे, भतीजे से विवाद कर रहे युवकों को समझाने गए युवक की चाकू से गोदकर हत्या

- मृतक घरों में टाइल्स लगाने का काम करता था, पुलिस ने आठ में से छ: आरोपियों को किया गिरफ्तार

3 min read
Google source verification
बेटे, भतीजे से विवाद कर रहे युवकों को समझाने गए युवक की चाकू से गोदकर हत्या

हरदा. मृतक अय्यूब खां।

हरदा. शहर के वार्ड 28 के अंतर्गत आने वाली जोशी कॉलोनी में बच्चों से झगड़ रहे युवकों को समझाने गए युवक पर आठ लोगों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने रात्रि को ही सख्ती दिखाते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने सभी आरोपियों पर धारा 302, 34 भादवि के तहत प्रकरण कायम किया।
बेटे और भतीजे से किया था आरोपियों ने विवाद
जानकारी के मुताबिक मृतक अय्यूब पिता गनीम खां (42) निवासी सादानी कंपाउंड मूलत: कांटाफोड़ जिला देवास का रहने वाला था। वह अपने दो भाइयों के साथ परिवार के साथ रह रहा था। वह घरों में टाइल्स लगाने का काम करता था और परिवार का पालन पोषण कर रहा था। गुरुवार की रात करीब 10 बजे उसका बेटा और दो भतीजे खाना खाकर जोशी कॉलोनी में स्थित किराना दुकान के पास टहल रहे थे। इस दौरान दुकान के पास तीन युवक नशे में बैठे हुए थे। जिन्होंने दुकान पर जाकर मृतक के बेटा और भतीजों से झगड़ा करना शुरू कर दिया। तभी मृतक का बेटा घर पर भागते हुए गया और पिता को घटनाक्रम बताया।
वाहन में भरकर आए आरोपियों के दोस्त
इसी दौरान आरोपियों में से किसी ने फोन करके अपने दोस्तों को बुला लिया। वहीं मृतक अय्यूब घर से आया और झगड़ा कर रहे युवकों को समझा रहा था, तभी टवेरा वाहन से आए युवकों में से एक नाबालिग आरोपी ने चाकू से अय्यूब पर हमला कर दिया, वहीं अन्य युवकों ने सिर पर डंडा मारा वहीं अन्य ने बेल्ट से उसके साथ मारपीट करते रहे। सीने में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर नहीं मिलने पर वे जिला अस्पताल लेकर आए। जहां डॉक्टर ने स्वास्थ्य परीक्षण कर मृत घोषित किया। पुलिस ने जिला अस्पताल में मृतक का पीएम कराकर शव परिजनों को सौंपा।
आठ में से छह आरोपियों को किया गिरफ्तार
युवक की हत्या के बाद पुलिस की टीम रात्रि में ही जोशी कॉलोनी पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आरोपियों की पहचान हुई। जिसमें दो नाबालिग आरोपी, पंकज पिता रामभरोस राठौर, शुभम पिता संतोष राजपूत, दीपक पिता राजेश लखोरे, रविशंकर उर्फ हग्गू, महेश मीणा, जितेंद्र केवट हैं। पुलिस ने उक्त आरोपियों में से पंकज, शुभम, दीपक, जितेंद्र और दो नाबालिग लडक़ों सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि महेश और रविशंकर की तलाश की जा रही है।
---------------------------------
मुस्लिम समाज ने की आरोपियों के घर तोडऩे की मांग
युवक अय्यूब खान की हत्या के बाद शहर के मुस्लिम समाज में रोष व्याप्त है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घटना को लेकर विरोध जताया। इसके बाद उन्होंने सिटी थाने में आकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को लेकर ज्ञापन दिया। समाज सदस्य मुन्ना पटेल, शाहरुख कुरैशी, मकसूद अहमद ने एसपी के नाम एसडीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने बेवजह समाज के युवक की हत्या कर दी है। शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर उनके घरों पर बुलडोजर चलवाकर तोड़ा जाए, ताकि कोई आरोपी आगे ऐसा कदम ना उठा सके। समाज के सदस्यों ने कहा कि अगर पुलिस ने आरोपियों के घर तोडऩे की कार्रवाई नहीं की तो वे आंदोलन करेंगे, जिसकी समस्त जवाबदारी प्रशासन की रहेगी।
इनका कहना है
युवक की हत्या करने वाले आठ आरोपियों में से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो की तलाश की जा रही है। आरोपियों पर धारा 302, 34 का प्रकरण कायम कर लिया है। दो आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों को न्यायालश में पेश किया जा रहा है।
अनिल राठौर, टीआई, हरदा