ओपन बिल स्टॉर्क पक्षी दक्षिण भारत से मानसून की शुरुआत होने से पूर्व उड़ान भरते हैं। यह मानसून से आगे चलते हुए दूसरे स्थानों पर ब्रीड करते हैं। घना में यह पक्षी इन दिनों कम पानी वाले ब्लॉकों में जमकर फीड कर रहा है। ओपन बिल स्टॉर्क भोजन के रूप में घोंघे, मेढ़क व छोटी मछली खाना पसंद करता है जो यहां उसे आसानी से उपलब्ध है। इसके अलावा उद्यान में ईग्रेट, ग्रेहेरन, परपल हेरन, स्पूनबिल, व्हाइट आईविश, इण्डियन मोरहेन, गिलोसी, पेन्टेड स्टॉर्क, व्हाइटनेक स्टॉर्क, मीडियम ईग्रेट, लिटिल ईगे्रट आदि पक्षी भी मौजूद है। वहीं घना के ब्लॉकों में पानी सूखने से इन दिनों सफाई कार्य चल रहा है। ब्लॉकों में से सूखी झाड़ी व गंदगी को हटाया जा रहा है। इसके अलावा मंगूरा मछली को भी निकाला जा रहा है। गौरतलब रहे कि घना में प्रतिबंधित मंगूरा मछली कई ब्लॉकों में डेरा जमाए हुए है। ये मछली छोटी मछली को खा जाती है, जिससे पक्षियों को भोजन नहीं मिल पाता है। इससे घना में से हर साल इन मंगूरा मछलियों को बाहर निकाला जाता है। घना निदेशक डॉ.अजीत ऊचोई ने बताया कि घना में करीब पचास-सौ की संख्या में ओपन बिल स्टॉर्क पक्षी पहुंच चुके हैं। ये जुलाई में पहली बरसात शुरू होने के साथ ही नेस्टिंग शुरू कर देते हैं।