scriptनिचली बस्तियों में भरा पानी, नगर निगम से नहीं मिली कोई मदद | Water in lower settlements, No help from municipal corporation | Patrika News
भिलाई

निचली बस्तियों में भरा पानी, नगर निगम से नहीं मिली कोई मदद

बीती रात हुई बारिश से नगर पालिक निगम के विभिन्न वार्डो में स्थित निचली बस्तियों में पानी भर गया। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

भिलाईJun 22, 2018 / 01:21 pm

Satya Narayan Shukla

Bhilai news

निचली बस्तियों में भरा पानी, नगर निगम से नहीं मिली कोई मदद

भिलाई. बीती रात हुई बारिश से नगर पालिक निगम के विभिन्न वार्डो में स्थित निचली बस्तियों में पानी भर गया। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोग रात को ही पानी बाहर निकालते रहे। वहीं कई घरों में दैनिक उपयोग की वस्तुए पानी से खराब हो गए। इसी तरह नाला-नालियों की सफाई नहीं होने की वजह से गंदा पानी ओवर फ्लोकर रुआबांधा बस्ती और अर्जुन नगर के घरों में भर गया था। पीडि़त और प्रभावित लोग निगम प्रशासन को कोसते नजर आए।
मोहल्ले में पानी की निकासी नाली बंद

रुआबांधा वार्ड के पार्षद राजेन्द्र रजक ने बताया कि तालपुरी कालोनी में परिजात आवास के निर्माण के बाद से ओडिय़ा मोहल्ले में पानी की निकासी नाली बंद हो गई है। रुआबांधा सेक्टर की ओर से बहने वाला पानी सड़क नालियों के माध्यम से घरों तक पहुंच जाता है। गुरुवार की रात हुई बारिश से वार्ड के सीता यादव, गोविंद यादव, मुरली यादव, रमना यादव, हैप्पी यादव, कृष्णा यादव, सुजैन, गणेश, देवकी धन्नु यादव, मणिया यादव, अशोक यादव के घर में पानी भर गया था। पानी भरने से उनके घरेलु सामान खराब हो गया।
पार्षद के घर में भरा पानी
इसी तरह अर्जुन नगर वार्ड के पार्षद व एमआईसी मेंबर डॉ दिवाकर भारती सहित मोहल्ले के आधा दर्जन घरों में पानी भर गया। पार्षद ने बताया कि वे बच्चों के साथ रातभर पानी बाहर निकालते रहे।
नहीं मिली सहायता
पीडि़त लोगों ने मदद के लिए नगर निगम के कंट्रोल रूम के फोन नंबर 0788-2296 212 पर डायल भी किया। मगर वहां किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं टोल फ्री नंबर 18 002334242 बंद मिला। इसके कारण प्रभावितों को कोई राहत नहीं मिली।
शिकायत पर ध्यान नहीं दिया
पार्षद दिवाकर भारती का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण चल रहा है। मटेरियल सड़क तक फैला हुआ है। नाली नहीं होने की वजह से निकासी की अस्थायी व्यवस्था और नाला की सफाई कराने कई बार स्वास्थ्य विभाग में आवेदन दिया गया। इसके बाद भी किसी जिम्मेदार ने ध्यान नहीं दिया।
बचाव दल और नियंत्रण प्रकोष्ठ का गठन
नगर निगम आयुक्त ने वर्षा ऋतु में किसी प्रकार की आपदा आने पर बचाव दल और नियंत्रण प्रकोष्ठ गठन किया है। लोगों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम बनाकर नंबर भी जारी किया है। कंट्रोल रूम प्रभारी अशोक द्विवेदी, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेन्द्र मिश्रा, राजस्व निरीक्षक जयकुमार जैन, स्वच्छता पर्यवेक्षक शंकर साहनी, जगन्नाथ सिंह, टहल राम साहू सहित अन्य को २४ घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो