script65 हजार बूथ पर 13 लाख ‘पन्ना प्रमुख’ नियुक्त करेगी भाजपा | BJP to appoint 1.3 million 'panna heads' on 65 thousand booths | Patrika News
भोपाल

65 हजार बूथ पर 13 लाख ‘पन्ना प्रमुख’ नियुक्त करेगी भाजपा

एक पन्ना प्रमुख को 30-35 परिवारों को साधने का जिम्मा

भोपालFeb 26, 2018 / 10:57 am

योगेंद्र Sen

bjp

bjp

भोपाल। भाजपा विधानसभा चुनाव में जीत के लिए नया फॉर्मूला अपनाने जा रही है। पार्टी हर बूथ पर पन्ना प्रमुख नियुक्त करेगी। प्रदेश में करीब 65 हजार बूथ हैं। इनमें भाजपा की योजना 13 लाख पन्ना प्रमुख नियुक्त करने की है। यह फॉर्मूला पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने दिया है। इसे उत्तरप्रदेश में पहले लोकसभा और फिर विधानसभा चुनाव में लागू किया गया था। वहां कामयाब होने के बाद इसे मध्यप्रदेश में लागू करने की तैयारी है। केंद्रीय नेतृत्व २८ फरवरी को दिल्ली में भाजपा शासित मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों की बैठक में इसे विधानसभा चुनाव वाले सभी राज्यों में लागू करने के लिए मंथन करेगा।

– क्या है पन्ना प्रमुख फॉर्मूला
वोटर लिस्ट के प्रत्येक पन्ने का प्रभारी होगा। एक बूथ पर करीब ७०० वोटर होते हैं। वोटर लिस्ट के एक पन्ने में 30-35 परिवारों के नाम होते हैं। इन परिवारों को साधने का जिम्मा पन्ना प्रमुख के पास होगा। हर बूथ पर लगभग २० पन्ना प्रमुख रहेंगे।

 

– 28 फरवरी को दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक
दिल्ली में २८ फरवरी को भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों की होने वाली बैठक चुनावों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। इसमें विधानसभा चुनाव के साथ ही लोकसभा चुनाव की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा। राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र भेजा है जिसमें शक्ति केंद्र बनाने और पन्ना प्रमुख की नियुक्ति के साथ ही जमीनी स्तर की तैयारियों का पूरा खाका लाने को कहा गया है।

– एक राष्ट्र-एक चुनाव पर चलेगा अभियान
तीन पेज की इस चिट्ठी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक राष्ट्र-एक चुनाव के नारे पर अभियान चलाने के बारे में भी विस्तार से लिखा गया है। प्रदेश में इस मुद्दे पर अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का जिम्मा प्रदेश सरकार के मंत्री या फिर पार्टी के किसी वरिष्ठ नेता को दिया जाएगा। मकसद ये है कि ये मुद्दा सार्वजनिक रूप में जोर पकड़ सके। इस अभियान में गैर सरकारी संगठन और युवा संगठनों को भी जोड़ा जाएगा ।

पार्टी माइक्रो लेवल पर बूथ मैनेजमेंट करती है, इसलिए पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति की जा रही है। इससे हर मतदाता से संपर्क होगा और हर कार्यकर्ता को काम मिलेगा। देश में बार-बार चुनाव होने से खर्च अधिक होता है इसलिए एक राष्ट्र – एक चुनाव के लिए भी अभियान चलाना आवश्यक है ।

– नंदकुमार सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा

रिपोर्ट – अरुण तिवारी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो